Sushant Singh Rajput Death: सुशांत ने जब ख़ामोशी से नागालैंड और केरल बाढ़ के लिए दिये थे 2.5 करोड़
Sushant Singh Rajput Death रविवार को सुशांत ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया था। उनके जाने के बाद से ही इंडस्ट्री और देश में ग़म का माहौल है। (Photo- Facebook)
नई दिल्ली, जेएनएन। सुशांत सिंह राजपूत के दुखद निधन को तीन दिन बीत चुके हैं। उनके आकस्मिक निधन ने सबको हिला दिया है। सोशल मीडिया में उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही हैं, वहीं लोग उनके साथ बिताये पलों को याद कर रहे हैं। ऐसे ही एक वाकये के ज़िक्र फ़िल्ममेकर चारूदत्त आचार्य ने किया। उन्होंने फेसबुक पोस्ट के ज़रिए बताया कि सुशांत ने नागालैंड और केरल बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए ढाई करोड़ रुपये का दान दिया था, लेकिन इसका प्रचार नहीं किया।
चारूदत्त ने रविवार को सुशांत के निधन की ख़बर आने के बाद फेसबुक पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए इस बारे में बताया था। चारू ने लिखा कि उनके पिता पीबी आचार्य 2014 से 2019 तक नागालैंड के राज्यपाल रहे थे। 2018 में राज्य में बाढ़ की वजह से भारी तबाही हुई थी। राज्यपाल ने देश के नागिरकों से सीएम राहत कोष में दान करने की अपील की थी। उस वक़्त सुशांत दिल्ली में शूटिंग कर रहे थे।
वो ख़ामोशी के साथ नागालैंड की व्यावसायिक राजधानी दिमापुर पहुंचे और 1.25 करोड़ रुपये का चेक सीएम को सौंपा। कोई तामझाम नहीं था। उन्होंने इसका कोई प्रचार नहीं किया। इसके साथ चारूदत्त बताते हैं कि केरल सीएम फंड के लिए भी उन्होंने 1.25 करोड़ रुपये का दान किया था।
बाद में उन्होंने मेरे पिता को कोहिमा में कॉल किया। मेरे पिता ने उन्हें धन्यवाद दिया और कोहिमा आने के लिए आमंत्रित किया। सुशांत ने भी कोहिमा जाने की इच्छा ज़ाहिर की। लेकिन दिमापुर से कोहिमा का रास्ता चार घंटे का था। और बाढ़ की वजह से इससे अधिक वक़्त भी लग सकता था। सुशांत को वापस शूट के लिए दिल्ली लौटना पड़ा।
इसलिए वो फिर कभी कोहिमा जाने का वादा करके दिमापुर से ही दिल्ली लौट गये। यह कभी नहीं हो सका। कितने दुर्भाग्य की बात है कि अब कभी होगा भी नहीं। लेकिन नागालैंड के लोग और गवर्नर हमेशा उन्हें याद रखेंगे। यह होती है इसली हीरो की एंट्री। चारूदत्त ने सुशांत के चेक प्रदान करते हुए फोटो भी पोस्ट की।
बता दें कि रविवार को सुशांत ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया था। उनके जाने के बाद से ही इंडस्ट्री और देश में ग़म का माहौल है। सुशांत ने कम समय में अपने लिए बड़ा नाम कमाया था। पहले टीवी के सुपरस्टार बने फिर फ़िल्मों में एक सक्षम और योग्य अभिनेता के रूप में अपनी पहचान बनायी। सुशांत की आख़िरी फ़िल्म दिल बेचारा है, जो ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज़ करने की बात चल रही है।