Move to Jagran APP

'बॉर्डर' में सनी देओल ने निभाया था इस जांबाज़ अफ़सर का रोल, निधन पर जताया शोक

देश के दूसरे सर्वोच्च मिलिट्री पुरस्कार महावीर चक्र से सम्मानित ब्रिगेडियर कुलदीप सिंह चांदपुरी 78 साल के थे। बॉर्डर 1997 की सबसे अधिक कमाई करने वाली दूसरी फ़िल्म थी।

By Manoj VashisthEdited By: Published: Sun, 18 Nov 2018 03:20 PM (IST)Updated: Mon, 19 Nov 2018 03:30 PM (IST)
'बॉर्डर' में सनी देओल ने निभाया था इस जांबाज़ अफ़सर का रोल, निधन पर जताया शोक
'बॉर्डर' में सनी देओल ने निभाया था इस जांबाज़ अफ़सर का रोल, निधन पर जताया शोक

मुंबई। सनी देओल के करियर की सबसे यादगार फ़िल्मों में बॉर्डर का नाम लिया जाता है। 1971 में हुए भारत पाकिस्तान युद्ध पर आधारित इस फ़िल्म में सनी ने ब्रिगेडियर कुलदीप सिंह चांदपुरी का किरदार निभाया था, जो उस समय भारतीय फौज में मेजर के पद पर थे। ब्रिगेडियर चांदपुरी का शनिवार सुबह निधन हुआ। सनी ने उनके निधन पर गहरा अफ़सोस ज़ाहिर किया है।

loksabha election banner

सनी ने ब्रिगेडियर कुलदीप सिंह चांदपुरी की तस्वीरों का एक कोलाज शेयर किया है, जिसके साथ उन्होंने लिखा है- ''यह जानकर दु:खी हूं कि ब्रिगेडियर कुलदीप चांदपुरी का निधन हो गया। इस महान सोल्जर के हम हमेशा कर्ज़दार रहेंगे।'' 1997 में आयी बॉर्डर बेहतरीन वॉर फ़िल्मों में शामिल है। जेपी दत्ता के निर्देशन में बनी इस फ़िल्म में सनी की परफॉर्मेंस को काफ़ी सराहा गया था।

देश के दूसरे सर्वोच्च मिलिट्री पुरस्कार महावीर चक्र से सम्मानित ब्रिगेडियर कुलदीप सिंह चांदपुरी 78 साल के थे। वहीं, बॉर्डर की बात करें तो यह फ़िल्म 1997 की सबसे अधिक कमाई करने वाली दूसरी फ़िल्म थी। बॉर्डर में सनी देओल के अलावा जैकी श्रॉफ, सुनील शेट्टी, अक्षय खन्ना, तब्बू, पूजा भट्ट, सुदेश बेरी, कुलभूषण खरबंदा और पुनीत इस्सर ने अहम किरदार निभाये थे। 

बेस्ट फ़िल्म ऑन नेशनल इंटीग्रेशन, बेस्ट लिरिक्स और बेस्ट मेल प्लेबैक सिंगर केटेगरीज़ में बॉर्डर को 3 राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार मिले थे। इस समय सनी देओल की फ़िल्म मोहल्ला अस्सी सिनेमाघरों में चल रही है, जिसमें उन्होंने संस्कृत के टीचर का किरदार निभाया है। फ़िल्म को डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी ने डायरेक्ट किया है। यह फ़िल्म काफ़ी मुश्किलों के बाद रिलीज़ हुई है। पहले ऑनलाइन लीक हो गयी थी, फिर सेंसर बोर्ड में क्लियरेंस के लिए अटकी रही। 

अज्ञात कारणों से सनी देओल ने इस फ़िल्म का प्रचार नहीं किया। इससे पहले वो अपनी होम प्रोडक्शन फ़िल्म यमला पगला दीवाना फिर से में नज़र आये थे, जो बॉक्स ऑफ़िस पर नहीं चली थी। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.