RRR की नई रिलीज डेट का हुआ ऐलान, इस तारीख को बड़े पर्दे पर नजर आएगी रामचरण और जूनियर एनटीआर की जोड़ी
अजय देवगन आलिया भट्ट जूनियर एनटीआर और रामचरण स्टारर ये फिल्म पहले अक्टूबर में रिलीज होने वाली थी। जिसके बाद कुछ समय पहले ही इसकी रिलीज की तारीख को टाल दिया गया था। ये फिल्म अब साल 2022 में रिलीज होने वाली है।
नई दिल्ली, जेएनएन। एसएस राजामौली निर्देशित फिल्म RRR का दर्शकों को बड़ी ही बेसब्री से इंतजार था। अब लोगों का इंतजार जल्द ही खत्म होने वाला है। क्योंकि फिल्म के निर्देशक एसएस राजामौली ने इस फिल्म की रिलीज की तारीख का एलान कर दिया है। अजय देवगन, आलिया भट्ट, जूनियर एनटीआर और रामचरण स्टारर ये फिल्म पहले अक्टूबर में रिलीज होने वाली थी। जिसके बाद कुछ समय पहले ही इसकी रिलीज की तारीख को टाल दिया गया था। ये फिल्म अब साल 2022 में रिलीज होने वाली है।
हाल ही में फिल्म के निर्देशक एसएस राजामौली ने फिल्म की रिलीज की तारीख का ऐलान सोशल मीडिया के जरिए कर दिया है। राजामौली ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए पोस्ट शेयर कर बताया है कि फिल्म RRR अब 7 जनवरी 2022 को रिलीज होगी। राजामौली ने इंस्टाग्राम पर फिल्म का एक पोस्टर भी शेयर किया है जिसमें अजय देवगन, रामचरण, जूनियर एनटीआर और आलिया भट्ट नजर आ रहे हैं। इस खबर के बाद से फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे दर्शकों के बीच खुशी की लहर दौड़ गई है।
इससे पहले ये फिल्म 13 अक्टूबर 2021 को रिलीज होने वाली थी। लेकिन फिल्म मेकर्स ने आधिकारिक रूप से घोषणा कर फिल्म की रिलीज को टालने का एलान कर दिया था। फिल्ममेकर्स ने ये फैसला कोविड के चलते लिया था। लेकिन अब जैसे ही सिनेमाघर खुलने का एलान हुआ इसके बाद से सभी बड़े बैनर की फिल्मों को रिलीज करने का फैसला लिया जाने लगा है। ऐसे में एसएस राजामौली ने अपनी इस फिल्म को रिलजी करने का फैसला जनवरी 2022 में लिया।
बता दें कि इस फिल्म को एस.एस.राजामौली ने थिएटर के अनुभव को ध्यान में रखते हुए ही बड़े पैमाने पर बनाया है। जब ये फिल्म आखिरकार रिलीज होगी तो प्रशंसकों को भी यही अनुभव मिलेगा। इस फिल्म का निर्माण डीवीवी दानय्या ने किया है। फिल्म आरआरआर का निर्देशन भारत के सबसे प्रसिद्ध फिल्म निर्माता एसएस राजामौली ने किया है। राजामौली इससे पहले फिल्म 'बाहुबली' का निर्देशन भी कर चुके हैं।