नई दिल्ली, जेएनएन। दिवंगत एक्ट्रेस श्रीदेवी ने फिल्म इंडस्ट्री में 'चांदनी', 'सदमा', 'चालबाज', 'मिस्टर इंडिया', 'इंग्लिश विंग्लिश' जैसी कई हिट फिल्में दी हैं। एक दौर ऐसा था जब श्रीदेवी अपने फैंस के दिलों पर राज करती थीं। उनकी हर अदा उनके फैंस का दिल जीत लेती थी। मासूम सी मुस्कान और चुलबुली शरारतों वाली श्रीदेवी का आज जन्मदिन है। उनका जन्म 13 अगस्त, 1963 को तमिलनाडु में हुआ था। श्रीदेवी हमेशा ही अपनी प्रोफेशनल लाइफ से ज्यादा अपनी लव लाइफ को लेकर चर्चा में रही हैं। आज हम आपको इस खास दिन पर श्रीदेवी और बोनी कपूर की दिलचसप लव स्टोरी के बारे में बताने जा रहे हैं। तो चलिए जानते हैं...
View this post on Instagram
🎂💗
A post shared by Sridevi Kapoor (@sridevi.kapoor) on Nov 10, 2016 at 12:06pm PST
प्रपोज करने से पहले घटाया था अपना वजन:
श्रीदेवी का असली नाम श्री अम्मा यंगर अय्यपन था। श्रीदेवी ने बतौर बाल कलाकार बचपन से ही अभिनय शुरु कर दिया था। उन्होंने 1979 में हिन्दी फिल्मों में बतौर लीड एक्ट्रेस फिल्म 'सोलवा सावन' से अपने करियर की शुरुआत की थी। वहीं साल 1983 में आई फिल्म 'हिम्मतवाला' से उन्हें सही मायने में पहचान मिली। एक बार बोनी कपूर और श्रीदेवी सलमान खान के रिएलिटी शो '10 का दम' में बतौर गेस्ट पहुंचे थे। इस दौरान बोनी ने श्रीदेवी को लेकर कई बातें शेयर की थी। उन्होंने बताया था कि वह श्रीदेवी के बहुत बड़े फैन भी रहे हैं। यही नहीं बोनी कपूर ने उन्हें प्रपोज करने से पहले अपना वजन भी घटाया था।
श्रीदेवी के घर के चक्कर लगाते थे बोनी :
एक बार बोनी कपूर श्रीदेवी से मिलने के लिए चेन्नई स्थित उनके घर चले गए थे। लेकिन उस समय वह शूटिंग के लिए सिंगापुर में थी। इस बात से बोनी काफी उदास हो गए थे। इसके बाद वह श्रीदेवी के बंगले के रोज चक्कर काटते रहे, तब कहीं जाकर वह श्रीदेवी से मिल पाए।
View this post on Instagram
Florence with my best friend ❤️
A post shared by Sridevi Kapoor (@sridevi.kapoor) on Jan 13, 2017 at 2:22am PST
'मिस्टर इंडिया' की शूटिंग के दौरान शुरू हुआ प्यार:
'मिस्टर इंडिया' बनाने के लिए बोनी कपूर, श्रीदेवी को फिल्म ऑफर करने चेन्नई गए थे। श्रीदेवी को फिल्म की कहानी बहुत अच्छी लगी और वह फिल्म करने को राजी हो गईं। बोनी कपूर वर्ष 1984 में श्रीदेवी को 'मिस्टर इंडिया' में सीमा का रोल ऑफर किया था। यही नहीं उन्होंने श्रदेवी के लिए एक अलग से मेकअप रूम का इंतजाम करवाया था। वह श्रीदेवी की हर जरूरत का खुद ध्यान रखते थे।
View this post on Instagram
Wearing our favourite @manishmalhotra05 ❤️
A post shared by Sridevi Kapoor (@sridevi.kapoor) on Mar 1, 2017 at 12:01am PST
आठ साल छोटी श्रीदेवी को ऐसे किया था प्रपोज :
खबरों की मानें तो श्रीदेवी की मां की बीमारी और फिर उनकी मौत के दौरान दोनों की नजदीकियां बढ़ी थीं। मां की मौत के बाद श्रीदेवी काफी अकेली हो गई थीं और उस वक्त बोनी उनका सहारा बने थे। बस यहीं से ही दोनों के बीच प्यार गहरा हुआ था। इसके बाद बोनी ने खुद से आठ साल छोटी श्रीदेवी को साल 1993 में प्रपोज किया था। बता दें के जिस वक्त बोनी श्रीदेवी के प्यार में गिरफ्त हुए थे वह पहले से शादीशुदा थे और दो बच्चे थे। लेकिन उन्होंने श्रीदेवी से शादी करने के लिए अपनी पहली पत्नी मोना कपूर को तलाक दे दिया था। इसके बाद दोनों ने 2 जून, 1996 को शादी कर ली थी। उनकी शादी की खबर ने सभी को हैरान कर दिया था।
सबसे ज्यादा कमाई वाली अभिनेत्रियों में से एक थीं :
श्रीदेवी के वर्कफ्रंट की बात करें तो उन्होंने हिन्दी ही नहीं तमिल, तेलुगू, मलयालम और कन्नड़ फिल्मों में भी काम किया। श्रीदेवी बॉलीवुड की सबसे ज्यादा कमाई वाली अभिनेत्रियों में से एक थीं। वे एकमात्र ऐसी अभिनेत्री थीं, जो 90 के दशक में लगभग एक करोड़ रुपये प्रति फिल्म लेती थी। हमेशा ही अपने अभिनय के लिए जानी जाने वाली एक्ट्रेस श्रीदेवी ने 24 फरवरी, 2018 को इस दुनिया को अलविदा कह दिया था। उनकी मौत दुबई के एक होटल के कमरे के बाथ टब में डूबने से मौत हो गई थी। श्रीदेवी भले ही अब हमारे बीच नहीं हैं लेकिन उनकी कई सुहानी यादें आज भी हमारे दिलों में जिंदा है।
Photo Credit : Sridevi Instagram