South Actors In Bollywood: सामंथा प्रभु, रश्मिका मंदाना, नागा चैतन्य... 2022 में बॉलीवुड पहुंचा साउथ सितारों का कारवां
दक्षिण से उत्तर की तरफ आना नई परम्परा नहीं है मगर कुछ सालों पहले तक यह कुछ कलाकारों तक सीमित था। पुष्पा की ही लीडिंग लेडी रश्मिका मंदाना सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ मिशन मजनू में दिखेंगी वहीं अमिताभ बच्चन स्टारर गुडबाय में भी वो फीमेल लीड में हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। 17 दिसम्बर को हिंदी में रिलीज हुई अल्लू अर्जुन की तेलुगु फिल्म पुष्पा- द राइज की सुपर सक्सेस ने दक्षिण भारतीय फिल्मों और सितारों के लिए हिंदी दर्शकों के बीच भी दिलचस्पी बढ़ा दी है। हालांकि, दक्षिण से उत्तर की तरफ आना नई परम्परा नहीं है, मगर कुछ सालों पहले तक यह कुछ कलाकारों तक सीमित था। अब जैसे-जैसे दर्शक सिनेमा के लिए ज्यादा जागरूक हुए हैं, भाषाई इंडस्ट्री का फर्क घट रहा है। इसी क्रम में 2022 में दक्षिण भाषाई फिल्म इंडस्ट्री के कई सितारे बॉलीवुड या हिंदी फिल्मों में छा जाने के लिए तैयार बैठे हैं।
पुष्पा की ही लीडिंग लेडी रश्मिका मंदाना सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ मिशन मजनू में दिखेंगी, वहीं अमिताभ बच्चन स्टारर गुडबाय में भी वो फीमेल लीड में हैं। इन दोनों में से कौन-सी फिल्म उनका हिंदी डेब्यू बनेगी, यह फिल्म की रिलीज पर निर्भर करेगा, मगर रश्मिका की पहली साइन फिल्म मिशन मजनू ही है। रश्मिका पहले से ही काफी लोकप्रिय थीं, मगर पुष्पा के बाद हिंदी बेल्ट में भी उनके चाहने वालों की तादाद बढ़ी है।
View this post on Instagram
तेलुगु फिल्म अर्जुन रेड्डी का हिंदी रीमेक कबीर सिंह बना तो शाहिद कपूर को उनके करियर की सबसे बड़ी हिट मिली। अब असली अर्जुन रेड्डी यानी विजय देवरकोंडा खुद हिंदी सिनेमा में ताल ठोकने आ रहे हैं। उन्हें लाने का जिम्मा करण जौहर ने उठाया है, जिनकी बहुभाषी फिल्म लाइगर से विजय हिंदी सिनेमा में पारी शुरू करेंगे। अनन्या पांडेय इस फिल्म की लीडिंग लेडी हैं। अर्जुन रेड्डी की लीडिंग लेडी शालिनी पांडेय परेश रावल के बेटे अदित्य रावल के साथ बम्फाड़ से हिंदी फिल्मों का रुख कर चुकी हैं और अब रणवीर सिंह के साथ जयेशभाई जोरदार में दिखेंगी। 2018 में आयी मेरी निम्मो में भी शालिनी ने कैमियो किया था।
द फैमिली मैन 2 सीरीज में मुख्य विलेन का किरदार निभाने के बाद सामंथा रूथ प्रभु लगातार चर्चा में रहती हैं। कम ही लोग जानते होंगे कि सामंथा का हिंदी फिल्मों से पहला परिचय 2012 की फिल्म एक दीवाना था से हुआ था, जिसमें उन्होंने कैमियो किया था। इस फिल्म में प्रतीक बब्बर और एमी जैक्सन लीड रोल्स में थे। सामंथा के बारे में अब खबरें हैं कि वो तापसी पन्नू की प्रोडक्शन फिल्म में नजर आएंगी।
पुष्पा में अपने स्पेशल डांस नंबर के अलावा सामंथा इन दिनों नागा चैतन्य से तलाक को लेकर चर्चा में हैं। नागा खुद आमिर खान की फिल्म लाल सिंह चड्ढा से बॉलीवुड डेब्यू करने जा रहे हैं। इस फिल्म में वो एक फौजी के रोल में दिखेंगी। वहीं, नागा चैतन्य के पिता वेटरन एक्टर नागार्जुन ब्रह्मास्त्र में नजर आएंगे।
View this post on Instagram
जॉन अब्राहम की फिल्म मद्रास कैफे से हिंदी डेब्यू करने वाली एक्ट्रेस राशि खन्ना पहली फिल्म के बाद साउथ चली गयीं, जहां उन्होंने तेलुगु और तमिल फिल्मों में जमकर काम किया। राशि अब सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ योद्धा में दिखेंगी। वहीं, राज एंड डीके की शाहिद कपूर स्टारर वेब सीरीज में भी राशि फीमेल लीड में नजर आएंगी।