साइना नेहवाल का बायोपिक मेरे जीवन की सबसे मुश्किल फिल्म - श्रद्धा कपूर
फिल्म बत्ती गुल मीटर चालू का निर्देशन श्री नारायण सिंह ने किया है। फिल्म 21 सितंबर को रिलीज़ होने वाली है।
रूपेशकुमार गुप्ता, मुंबई। फिल्म अभिनेत्री श्रद्धा कपूर ने मुंबई में जागरण डॉट कॉम से हुई विशेष बातचीत में कहा कि बैडमिंटन स्टार साइना नेहवाल के जीवन पर बन रही फिल्म साइना उनके जीवन की अब तक की सबसे मुश्किल फिल्म होने जा रही है।
इस बारे में आगे बताते हुए श्रद्धा कपूर कहती है कि फिल्म साइना के लिए उन्होंने करीब डेढ़ वर्ष से अधिक की ट्रेनिंग कर ली है। इसके बावजूद उन्हें ऐसा नहीं लग रहा कि वह इस खेल में परिपक्व हो पाई है। गौरतलब है कि फिल्म बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल के जीवन पर आधारित है। इस फिल्म में श्रद्धा कपूर, साइना नेहवाल की अंदाज में बैडमिंटन खेलती नजर आएंगी। श्रद्धा कपूर ने आगे यह भी कहा कि बैडमिंटन उनके अनुसार बहुत ही मुश्किल खेल है। इस मौके पर श्रद्धा कपूर ने उनकी आगामी फिल्म बत्ती गुल मीटर चालू की भी जमकर सराहना की। फिल्म के बारे में बताते हुए श्रद्धा कपूर कहती है कि यह फिल्म व्यंग करते हुए हुए भारत की कई गंभीर समस्याओं में से एक गांव में बिजली जाने पर होने वाले संकट को उजागर करती है। इस फिल्म में उनके अलावा शाहिद कपूर और यामी गौतम की भी अहम भूमिका है। इस फिल्म में श्रद्धा कपूर उत्तराखंड की कुमाऊंनी भाषा में बात करती हुई नजर आएंगी। जिसे सीखना भी उनके लिए एक टेढ़ी खीर रहा है। फिल्म बत्ती गुल मीटर चालू का निर्देशन श्री नारायण सिंह ने किया है। फिल्म 21 सितंबर को रिलीज़ होने वाली है।
यह भी पढ़ें: दंगल के बाद अब विशाल की ‘पटाखा कुड़ी’ बन गई हैं सान्या मल्होत्रा