खुलासा: शबाना आज़मी ने मारा था ताना, इसलिए शाह रूख़ ने बनाई Dear Zindagi
शबाना ने शाह रूख़ की महिलाओं को सम्मान दिए जाने की आदत को सराहते हुए कहा कि शाह रूख़ ने एक ऐसी फ़िल्म की है...
मुंबई। बात पर्दे की हो, या पर्दे के पीछे। शाह रूख़ ख़ान को बॉलीवुड में ऐसा एक्टर माना जाता है, जो महिलाओं के साथ बड़े अदब से पेश आते हैं और उनके इस अंदाज़ की शबाना आज़मी भी बहुत बड़ी फ़ैन हैं।
रविवार की शाम मुंबई में हुए मिजवां चैरिटी फ़ैशन शो में शाह रूख़ और अनुष्का शर्मा सेलेब्रिटी डिज़ाइनर मनीष मल्होत्रा के लिए शो स्टॉपर के तौर पर मौजूद थे। इस शो का सलाना आयोजन शबाना आज़मी करती हैं, जिसमें बॉलीवुड सेलेब्स रैंप वॉक के लिए पहुंचते हैं। इस मौक़े पर शबाना ने शाह रूख़ की महिलाओं को सम्मान दिए जाने की आदत को सराहते हुए कहा- ''शाह रूख़ ने एक ऐसी फ़िल्म की है, जिसमें उन्होंने क्रेडिट रोल्स में अपने नाम से पहले दीपिका पादुकोण का नाम दिए जाने की ज़िद की थी। उस वक़्त मैंने उनसे कहा था कि ये अच्छी बात है, लेकिन और भी अच्छा होगा, अगर वो एक महिला-प्रधान फ़िल्म में काम करें, जिसमें उनका रोल कम हो। 'डियर ज़िंदगी' में उन्होंने ऐसा ही किया।''
इसे भी पढ़ें- Photos: शाह रूख़ और अनुष्का रैंप पर उतरे, बॉलीवुड सेलेब्रिटीज़ से सजी शाम
शाह रूख़ ने ख़ुद भी महिलाओं के लिए बराबरी देने को ज़रूरी बताते हुए कहा- ''ये एक पुरुष प्रधान दुनिया है।ये मर्दों की दुनिया है। हमें उन्हें (महिलाओं) बढ़ने के लिए समान जगह देनी चाहिए। जब महिलाओं को सिखाया जाता है, तो पुरुषों के मुक़ाबले इसका दायरा ज़्यादा होता है। महिलाएं इसे बच्चों, समाज और हर किसी तक पहुंचाती हैं।''
इसे भी पढ़ें- आसान नहीं है बौना बनना, शाह रूख़ ख़ान ने दिया ये टेस्ट
वुमन एंपॉवरमेंट के बारे में शाह रूख़ ने कहा- ''जब हम कहते हैं कि एंपॉवर वुमन, तो उन्हें एंपॉवर करने जैसा कुछ नहीं है। अगर कुछ करने की ज़रूरत है, तो वो है उन्हें सच्चाई से आगे बढ़ने के लिए जगह देना। बस यही तो वो मांग रही हैं।''