Sandeep Aur Pinky Faraar Trailer: फिर नज़र आई अर्जुन और परिणीति को जोड़ी, पिंकी फरार का ट्रेलर रिलीज़
Sandeep Aur Pinky Faraar Trailer लंबे इंतज़ार के बाद यह फ़िल्म 20 मार्च को रिलीज़ होने जा रही है।
नई दिल्ली, जेएनएन। अर्जुन कपूर और परिणीति चोपड़ा स्टारर फ़िल्म 'संदीप और पिंक फरार' का ट्रेलर रिलीज़ हो गया। दिबाकर बनर्जी ने इस फ़िल्म को डायरेक्ट किया है। फ़िल्म की घोषणा दो साल पहले हो गई थी और दर्शकों का इंतज़ार ख़त्म हो गया है। लंबे इंतज़ार के बाद यह फ़िल्म 20 मार्च को रिलीज़ होने जा रही है। 2 मिनट 27 सेकंड के इस ट्रेलर में अर्जुन कपूर और परिणीति चोपड़ा कमाल करते नज़र आ रहे हैं।
फ़िल्म की कहानी डार्क क्राइम थ्रिलर की तरह है, जिसमें एक पुलिस ऑफ़िसर एक ऑपरेशन के तहत मुख्य किरदार को मारने की कोशिश करता है। इसमें पुलिस वाले का किरदार अर्जुन कपूर निभा रहे हैं, जिनका फ़िल्म में नाम पिंकी फरार है। वहीं, संदीप कौर की भूमिका में परिणीति चोपड़ा नज़र आ रही है। संदीप कौर वही किरदार हैं, जिसे मारने की साज़िश पुलिस वाला रच रहा है।
ट्रेलर देखकर लगता है कि फ़िल्म काफी इंटेस है। इसमें पंकज त्रिपाठी, जयदीप अहलावत, अर्चना पूरन सिंह और संजय मिश्रा अहम भूमिका में हैं। जयदीप अहलावत एक बार फिर विलने के किरदार में नज़र आ रहे हैं। ट्रेलर में भी जयदीप के किरदार को इंट्रोड्यूस किया गया है। जयदीप इससे पहले कमांडो और खट्टा-मिठा फ़िल्म में विलेन का किरदार निभा चुके हैं।
गौरतलब है कि इस फ़िल्म की घोषणा हुए लंबा समय हो गया। ख़बरों के मुताबिक फ़िल्म एक साल पहले तैयार हो गई थी, लेकिन प्रोड्यूसर आदित्य चोपड़ा को इसकी एडिटिंग पसंद नहीं आई। ऐसे में फ़िल्म को रिलीज़ होने में देर हो गई।
वहीं, अगर परिणीति चोपड़ा और अर्जुन कपूर की बात करें, तो दोनों तीसरी बार एक साथ स्क्रीन शेयर कर रहे हैं।इससे पहले दोनों 'इश्कज़ादे' और 'नमस्ते लंदन' में एक साथ दिख चुके हैं। हालांकि, 'इश्कज़ादे' दर्शकों को ज्यादा पसंद आई थी। बता दें कि 'इश्कज़ादे' के साथ ही अर्जुन कपूर ने बतौर एक्टर बॉलीवुड में डेब्यू किया था।