शाह रुख खान के बर्थडे पर सलमान खान ने किया विश, तस्वीर शेयर कर बोले- 'अपने भाई का बर्थडे है'
अपने पिता के जन्मदिन से महज कुछ दिन पहले ही आर्यन खान को जमानत पर रिहा कर दिया गया है। ऐसे में अब शाह रुख के घर दो- दो जश्न मन रहे हैं। इसी बीच शाह रुख खान के जन्मदिन पर उनके फैंस और दोस्त उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। बॉलीवुड के किंग कहे जाने वाले शाह रुख खान आज अपना 56वां जन्मदिन मना रहे हैं। बीते करीब एक महीने से शाह रुख खान और उनका परिवार मुसीबत से घिरा हुआ था। शाह रुख के बड़े बेटे आर्यन खान ड्रग्स केस में जेल में बंद थे। हालांकि अपने पिता के जन्मदिन से महज कुछ दिन पहले ही आर्यन खान को जमानत पर रिहा कर दिया गया है। ऐसे में अब शाह रुख के घर दो- दो जश्न मन रहे हैं। इसी बीच शाह रुख खान के जन्मदिन पर उनके फैंस और दोस्त भी उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं।
लेकिन इन सबके बीच शाह रुख खान और उनके फैंस के लिए खास पल रहा जब सलमान खान ने शाहरुख खान को बर्थडे विश किया। वैसे तो सलमान खान सभी सितारों के जन्मदिन पर उन्हें विश करते हैं। लेकिन शाह रुख खान के बर्थडे पर सलमान खान का विश करना उनके फैंस को खासा पसंद आया। सलमान खान ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट के जरिए शाह रुख खान के साथ एक तस्वीर शेयर की है। जिसमें शाह रुख और सलमान एक साथ खड़े हैं।
इस तस्वीर को शेयर करते हुए सलमान खान ने कैप्शन में लिखा, 'आज अपने भाई का बर्थडे है। हैप्पी बर्थडे मेरे भाई।' इसके साथ ही उन्होंने इस पोस्ट में शाह रुख खान को टैग भी किया है। सलमान खान के इस पोस्ट पर सलमान और शह रुख दोनों के ही फैंस खासे खुश नजर आ रहे हैं। ये पोस्ट सोशल मीडिया पर काफी वायरल भी हो रहा है। दरअसल शाह रुख खान और सलमान खान एक समय में बहुत अच्छे दोस्त थे। लेकिन दोनों के बीच कुछ ऐसा हुआ कि इनकी दोस्ती में दरार आ गई।
Aaj apne bhai ka birthday hai . Happy birthday mere bhai .. @iamsrk pic.twitter.com/EdID189UM7— Salman Khan (@BeingSalmanKhan) November 2, 2021
हालांकि अब सलमान और शाह रुख के रिश्ते में एक बार फिर से मिठास दिख रही है। बता दें कि हाल ही में आर्यन खान के ड्रग्स केस में फंसने के बाद सलमान खान, शाह रुख के घर भी पहुंचे थे। सलमान खान ने इस मुश्किल समय में शाह रुख खान और उनके परिवार की काफी मदद की। वहीं सलमान ही नहीं उनके पिता सलीम खान भी शाह रुख खान के घर पहुंचे थे। वहीं आर्यन खान का केस जिन वकीलों की टीम ने लड़ा उनमें से एक सलमान खान के ही वकील अमित देसाई भी थे।