Pinch 2 Trailer: अरबाज़ ख़ान के चैट शो में ट्रोल्स से बोले सलमान ख़ान- 'हमारा घर अय्याशी का अड्डा कैसे लगता है?'
Pinch Season 2 पिंच सीज़न 2 के प्रोमो में सलमान ख़ान अनिल कपूर फ़रहान अख़्तर अनन्या पांडेय फराह ख़ान आयुष्मान खुराना राजकुमार राव कियारा आडवाणी टाइगर श्रॉफ को दिखाया गया है जो यूज़र्स के सवालों को पढ़ते हुए नज़र आते हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। अरबाज़ ख़ान अपने सेलेब्रिटी चैट शो पिंच (Pinch) के दूसरे सीज़न के साथ लौट आये हैं। इस शो में अरबाज़ बॉलीवुड सेलेब्रिटीज़ के साथ सोशल मीडिया को लेकर बिंदास और बेबाक़ चर्चा करते हैं। ख़ासकर, उन कमेंट्स और प्रतिक्रियाओं को लेकर जो सोशल मीडिया ट्रोल किसी भी सेलेब्रिटी के एकाउंट पर लिखकर चले जाते हैं। इस शो में सेलेब उन कमेंट्स पर अपनी प्रतिक्रिया देते हैं। शो का प्रोमो बुधवार को जारी कर दिया गया, जिसे अरबाज़ ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट्स पर शेयर किया है।
प्रोमो में सलमान ख़ान, अनिल कपूर, फ़रहान अख़्तर, अनन्या पांडेय, फराह ख़ान, आयुष्मान खुराना, राजकुमार राव, कियारा आडवाणी, टाइगर श्रॉफ को दिखाया गया है, जो यूज़र्स के सवालों को पढ़ते हुए नज़र आते हैं। प्रोमो में सबसे पहले अरबाज़ एक कमेंट पढ़कर सलमान को सुनाते हैं- जनता का भगवान मत बनो! इस पर सलमान कहते हैं- सही बात है। एक ही भगवान है और वो भगवान मैं नहीं हूं। अनन्या पांडेय एक कमेंट पढ़ती हैं- इसका नाम अनन्या नहीं फेक पांडेय होना चाहिए।
कियारा भी एक कमेंट पढ़ती हैं, जिसमें उनकी फ़िल्म और एक्टिंग को बकवास बताया गया था। आगे बढ़ने पर सलमान एक कमेंट के जवाब में कहते हैं- इन्होंने मेरी पोस्ट के अंदर ऐसा क्या देख लिया कि हमारा जो घर है, वो अय्याशी का अड्डा कैसे लग रहा है। इसी तरह अनिल कपूर, फराह, राजकुमार, आयुष्मान खुराना सोशल मीडिया में अपने कड़वे अनुभवों पर बोलते नज़र आते हैं। लगभग एक मिनट के प्रोमो में दर्शकों को काफ़ी मसाला मिलता है।
इस प्रोमो के साथ अरबाज़ ख़ान ने बताया कि पिंच 2 का सीज़न 2 क्यू टीवी पर 21 जुलाई से आएगा। उन्होंने लिखा- यह नया है। यह मज़ेदार है। और यह पहले से अधिक चुभने वाला है। बिग टिकट बॉलीवुड टॉक शो का आधिकारिक ट्रेलर पेश है।