मुंबई। साल की मोस्ट अवेटेड फ़िल्मों में शामिल सलमान ख़ान की 'भारत' का उनके फ़ैंस को बेसब्री से इंतज़ार है। इसका टीज़र 26 जनवरी को रिलीज़ किये जाने की ख़बर आ रही है। फ़िल्म के प्रोड्यूसर अतुल अग्निहोत्री ने एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें टीज़र्स का काउंट डाउन शुरू किया गया है।
अतुल ने वीडियो के साथ लिखा है- Countdown begins. वीडियो की शुरुआत में सेंसर बोर्ड का सर्टिफिकेट दिखाया गया है, जिस पर लिखा है टीज़र नंबर 1। इसके बाद वीडियो में तिरंगा फहराता हुआ दिखता है। किसी कलाकार की इसमें शक्ल नहीं दिखायी गयी है। टीज़र पहले 27 दिसम्बर को सलमान के जन्म दिन पर रिलीज़ करने की तैयारी की जा रही थी, पर ऐसा नहीं हो सका।
भारत को अली अब्बास ज़फ़र निर्देशित कर रहे हैं, जिनके साथ सलमान की ये तीसरी फ़िल्म है। पहली बार दोनों 2016 में 'सुल्तान' के लिए साथ आये थे। इस फ़िल्म में सलमान ने एक रेस्लर का किरदार निभाया था। 'सुल्तान' बेहद कामयाब रही। मगर सबसे अहम बात ये है कि इस फ़िल्म में सलमान की अदाकारी की सबने तारीफ़ की। इसके बाद 'टाइगर ज़िंदा है' में अली ने सलमान को डायरेक्ट किया था। यह फ़िल्म भी बॉक्स ऑफ़िस पर हिट रही थी। 'भारत' का आख़िरी शेड्यूल चल रहा है, जो 6 जनवरी को शुरू हुआ था। कटरीना कैफ़, दिशा पाटनी, तब्बू, जैकी श्रॉफ और सुनील ग्रोवर अहम किरदारों में दिखेंगे।
फ़िल्म में पहले प्रियंका चोपड़ा को कास्ट किया गया था, जिसका एलान सलमान ने ट्विटर पर किया था, मगर शूटिंग कुछ दिन पहले ही प्रियंका ने फ़िल्म छोड़ दी थी, तब कटरीना की एंट्री हुई थी। अली के साथ कटरीना की भी यह तीसरी फ़िल्म है। अली ने पहली बार कटरीना को 'मेरे ब्रदर की दुल्हन' में डायरेक्ट किया था। इसके बाद अली निर्देशित 'टाइगर ज़िंदा है' में कटरीना ने फ़ीमेल लीड रोल निभाया।
'भारत' 2014 में आयी साउथ कोरियन फ़िल्म 'ओडे टू माई फ़ादर' का आधिकारिक रीमेक है। इस फ़िल्म की कहानी 1950 से आज के दौर तक सफ़र करती और इस दौरान कई महत्वपूर्ण ऐतिहासिक घटनाओं को कॉमन मैन के नज़रिए से दिखाया गया है।
'भारत' के स्क्रीनप्ले में बदलाव करते हुए इसे हिंदुस्तानी नज़रिए से दिखाया जाएगा। अली के मुताबिक़, ये फ़िल्म भारत और पाकिस्तान के विभाजन की पृष्ठभूमि पर बनायी जा रही है। 'भारत' की कहानी 1947 से शुरू होकर 2000 में ख़त्म होगी। फ़िल्म में सलमान सर्कस में काम करने वाले कलाकार के रूप में दिखाई देंगे, जो मौत के कुएं में मोटरसाइकिल चलाता है।
ईद का त्यौहार सलमान का पर्यायवाची बन चुका है। पिछले काफ़ी अर्से से वो ईद पर आते रहे हैं और बॉक्स ऑफ़िस पर छाते रहे हैं। 2018 की रेस3 और 2017 की 'ट्यूबलाइट' को छोड़ दें तो पिछले कुछ सालों में ईद पर सलमान अविजित रहे हैं। 2016 की ईद पर आयी 'सुल्तान' ने ₹250 करोड़ से अधिक जमा किये थे। 2015 में 'बजरंगी भाईजान' को दर्शकों ने ₹350 करोड़ की ईदी दी थी। 2014 में 'किक' ईद पर रिलीज़ हुई, जिसने ₹232 करोड़ जमा किये। 2012 में 'एक था टाइगर' ईद पर रिलीज़ हुई और ₹199 करोड़ का कलेक्शन किया। 2011 में बॉडीगार्ड ईद पर आयी, जिसने ₹149 करोड़ जमा किये थे। इसे अतुल ने ही प्रोड्यूस किया था। 2010 में आयी 'दबंग' ने ₹140 करोड़ का शानदार कलेक्शन किया था।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप
1952 से 2019 तक इन राज्यों के विधानसभा चुनाव की हर जानकारी के लिए क्लिक करें।