Move to Jagran APP

रणवीर के अलावा रितिक ऐसे सुपरस्टार, Khans को जिसने किया टॉप से बाहर, दिलचस्प रिपोर्ट

2018 में कुछ फ़िल्मों ने कामयाबी के कीर्तिमान स्थापित किये, जिनसे उम्मीद नहीं थी और कुछ ऐसी फ़िल्में बॉक्स ऑफ़िस पर धराशायी हो गयी हैं, जिनसे कीर्तिमान बनाने की उम्मीदें थीं।

By Manoj VashisthEdited By: Published: Tue, 08 Jan 2019 12:57 PM (IST)Updated: Tue, 15 Jan 2019 01:34 PM (IST)
रणवीर के अलावा रितिक ऐसे सुपरस्टार, Khans को जिसने किया टॉप से बाहर, दिलचस्प रिपोर्ट
रणवीर के अलावा रितिक ऐसे सुपरस्टार, Khans को जिसने किया टॉप से बाहर, दिलचस्प रिपोर्ट

मुंबई। कहते हैं कि 12 साल बाद वक़्त बदलता है। मगर, बॉलीवुड की सफलतम ख़ान तिकड़ी का वक़्त ऐसा बदला कि ज़मीन पर आ गये। बॉलीवुड की अविजित समझी जाने वाली ख़ान तिकड़ी के लिए 2018 बहुत ख़राब रहा। तीनों ख़ानों की फ़िल्मों की ऐसी दुर्गति पिछले 12 सालों में कभी नहीं हुई।

loksabha election banner

2018 से पहले इस तिकड़ी के साथ ऐसा संयोग 2006 में हुआ था, जब आमिर, सलमान और शाह रुख़ ख़ान में से किसी को टॉप 3 में जगह नहीं मिली। तब रितिक रोशन ने ख़ान तिकड़ी को धूल चटाई थी। संयोग से आज 10 जनवरी को रितिक अपना 45वां जन्म दिन भी मना रहे हैं। 

2018 हिंदी सिनेमा के लिए बड़ा विचित्र साल रहा। कुछ ऐसी फ़िल्मों ने कामयाबी के कीर्तिमान स्थापित किये, जिनसे उम्मीद नहीं थी और कुछ ऐसी फ़िल्में बॉक्स ऑफ़िस पर धराशायी हो गयी हैं, जिनसे कीर्तिमान बनाने की उम्मीदें थीं। साल 2018 में जिन फ़िल्मों ने बॉक्स ऑफ़िस पर टॉप 3 पॉजिशन हासिल की है, वो हैं- संजू, पद्मावत और सिम्बा। 'संजू' में रणबीर कपूर ने लीड रोल निभाया और फ़िल्म ने ₹341 करोड़ का कलेक्शन किया। 'पद्मावत' और 'सिम्बा' में रणवीर सिंह ने लीड रोल निभाये। 'पद्मावत' ने जहां ₹300.26 करोड़ का कलेक्शन किया था, वहीं 'सिम्बा' ₹200 करोड़ पार कर चुकी है और अभी भी सिनेमाघरों में पूरे दमख़म के साथ चल रही है। 

वहीं बात करें ख़ानों की, तो सलमान ख़ान की फ़िल्म 'रेस3' पिछले साल ईद पर आयी। 'रेस3' इस फ्रेंचाइजी की सबसे घटिया फ़िल्म करार दी गयी, साथ ही सलमान की लकी डेट ईद पर आने के बावजूद बॉक्स ऑफ़िस पर असफल रही। फ़िल्म ने सिर्फ़ ₹169 करोड़ का कलेक्शन किया। आमिर ख़ान की 'ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान' ₹151 करोड़ जमा करके फ्लॉप रही, जबकि शाह रुख़ ख़ान की 'ज़ीरो' ₹90 करोड़ के आस-पास ही जमा कर सकी और डिज़ास्टर फ़िल्मों में शामिल है।

अब अगर 2017 का बॉक्स ऑफ़िस देखें तो पहले नंबर पर तेलुगु फ़िल्म 'बाहुबली2- द कन्क्लूज़न' का हिंदी डब वर्ज़न है, जिसने ₹511 करोड़ का कलेक्शन किया था, जबकि दूसरे नंबर पर सलमान की 'टाइगर ज़िंदा है' (₹339 करोड़) है। 

2016 में टॉप 2 पर आमिर और सलमान ख़ान का क़ब्ज़ा रहा। आमिर की 'दंगल' ₹387.39 करोड़ कमाकर पहले स्थान पर रही तो दूसरे स्थान पर सलमान की 'सुल्तान' (₹300.45 करोड़) रही। 2015 में टॉप 2 जगहों पर सलमान ख़ान की फ़िल्में रहीं। 'बजरंगी भाईजान' ₹320.34 करोड़ का कलेक्शन करके साल की सबसे बड़ी फ़िल्म बनी तो 'प्रेम रतन धन पायो' ₹207.40 करोड़ करके साल की दूसरी सबसे बड़ी फ़िल्म रही। 2014 में आमिर ख़ान की 'पीके' ने ₹339.50 करोड़ कमाकर टॉप किया तो दूसरे नंबर पर सलमान की 'किक' रही, जिसने ₹233 करोड़ का कलेक्शन किया था। 

2013 में आमिर ख़ान की 'धूम3' ने ₹280.25 करोड़ जमा करके टॉप किया, जबकि रितिक रोशन की 'कृष3' ने ₹240.50 करोड़ का कलेक्शन करके दूसरी पॉजिशन हासिल की। वहीं, शाह रुख़ ख़ान की 'चेन्नई एक्सप्रेस' ₹226.70 करोड़ बटोरकर तीसरे स्थान पर रही थी। 

2012 में सलमान ख़ान की 'एक था टाइगर' ने ₹198 करोड़ का कलेक्शन करके बॉक्स ऑफ़िस टॉप किया। वहीं, दूसरे स्थान पर भी उनकी फ़िल्म 'दबंग2' रही, जिसने ₹158 करोड़ जमा किये थे। तीसरे स्थान पर अक्षय कुमार की 'राउड़ी राठौर' रही थी, जिसने ₹131 करोड़ का कलेक्शन किया। 

2011 का बॉक्स ऑफ़िस भी सलमान के नाम रहा था। उनकी 'बॉडीगार्ड' ने ₹142 करोड़ का कलेक्शन करके टॉप किया तो 'रेडी' ने ₹120 करोड़ जमा करके दूसरा स्थान हासिल किया। शाह रुख़ की 'रा.वन' ₹118 करोड़ का कलेक्शन करके तीसरे स्थान पर रही थी। 2010 में सलमान ख़ान की 'दबंग' ने ₹141 करोड़ का कलेक्शन करके बॉक्स ऑफ़िस पर पहला स्थान हासिल किया। वहीं ₹108 करोड़ जमा करके अजय देवगन की 'गोलमाल3' दूसरे स्थान पर रही थी। 

2009 में आमिर ख़ान की '3 ईडिट्स' ने ₹201 करोड़ का कलेक्शन करके बॉक्स ऑफ़िस टॉप किया था। बॉलीवुड में यह 200 करोड़ क्लब की शुरुआत थी। वहीं दूसरे स्थान पर सैफ़ अली ख़ान की 'लव आजकल' रही थी, जिसने क़रीब ₹67 करोड़ का कलेक्शन किया था। 2008 में आमिर ख़ान की 'गजनी' ने ₹114 करोड़ का बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शन करके साल की सबसे बड़ी फ़िल्म का ख़िताब अपने नाम किया था। बॉलीवुड में यह 100 करोड़ क्लब की बुनियाद थी। लगभग ₹85 करोड़ का कलेक्शन करके शाह रुख़ ख़ान की 'रब ने बना दी जोड़ी' दूसरे स्थान पर रही थी। 

2007 में शाह रुख़ की 'ओम शांति ओम' बॉक्स ऑफ़िस टॉपर रही थी, जिसने ₹78 करोड़ का कलेक्शन किया था। यह किंग ख़ान की ब्लॉकबस्टर फ़िल्म है। दूसरे स्थान पर अक्षय कुमार की 'वेलकम' रही, जिसने ₹70 करोड़ जमा किये थे, वहीं शाह रुख़ की 'चक दे इंडिया' ₹66.40 करोड़ जमा करके तीसरे स्थान पर आयी। 

एक बार फिर 2006 ऐसा साल रहा, जब बॉक्स ऑफ़िस पर टॉप तीनों जगहों पर ख़ान तिकड़ी में से कोई नहीं था। इस साल रितिक रोशन की 'धूम2' ने टॉप किया, जिसने ₹81 करोड़ जमा किये थे, जबकि संजय दत्त की 'लगे रहो मुन्नाभाई' ₹75 करोड़ का कलेक्शन करके दूसरे स्थान पर रही। वहीं, तीसरे स्थान पर रितिक की 'कृष' रही, जिसने ₹72 करोड़ जमा किये थे। आमिर ख़ान की 'रंग दे बसंती' ₹53 करोड़ का कलेक्शन करके चौथी पॉजिशन पर रह गयी थी। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.