पाक मूल की गायिका सलमा आगा को मिला लाइफटाइम इंडियन वीजा
पाकिस्तानी मूल की मशहूर अभिनेत्री-गायिका सलमा आगा बेेहद खुश हैं। भारत सरकार ने उन्हें लाइफटाइम वीजा देने का फैसला किया है।
नई दिल्ली, एएनआई। पाकिस्तानी मूल की गायिका सलमा आगा अब बेरोकटोक कभी भी भारत आ सकती हैं और कितने दिन भी यहां रह सकती हैं। सरकार ने आगा को भारत का ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया (ओसीआइ) कार्ड दिया है। इसके बाद सलमा आगा को भारत आने के लिए वीजा की जरूरत नहीं पडे़गी। गौरतलब है कि इस संबंध में सोमवार उन्होंने गृहमंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की थी।
'महादेव' की पार्वती को हुआ प्यार, इनसे डेटिंग की है चर्चा
दरअसल ब्रिटिश नागरिकता प्राप्त आगा फिल्म अभिनेता स्वर्गीय जुगल किशोर मेहरा और अनवरी बेगम की नातिन हैं। उनकी मां नसरीन आगा भी बॉलीवुड फिल्मों में अभिनय कर चुकी है। नसरीन ने 1946 में गायक अभिनेता केएल सहगल के साथ काम किया था। ध्यान देने की बात है कि ओसीआइ स्कीम का लाभ उन्हें ही दिया जा सकता है, जिनके दादा-दादी या नाना-नानी भारतीय संविधान के लागू होने यानी 26 जनवरी 1950 तक भारतीय नागरिक थे या उस समय भारत की नागरिकता लेने की योग्यता रखते थे। या फिर वो भारत के उस हिस्से से संबंध रखते थे जो 15 सितंबर 1947 के बाद देश से अलग हो गया था।
सलमा आगा भी बॉलीवुड फिल्मों में काम कर चुकी है। उन्होंने फिल्म 'निकाह' से बॉलीवुड में कदम रखा था। इसी फिल्म के गीत 'दिल के अरमा आंसुओं में बह गए' के लिए उन्हें 1982 में सर्वश्रेष्ठ पार्श्वगायिका का फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला था। इससे पहले इसी साल जनवरी में पाकिस्तानी मूल के सिंगर अदनान सामी को भारत की नागरिकता दी गई है।