नितेश तिवारी की रामायण में प्रभास बन सकते हैं रावण और ऋतिक रोशन राम
निर्देशक नितेश तिवारी के महाकाव्य रामायण पर फिल्म बनाने के ऐलान के साथ ही इस फिल्म की कास्ट पर चर्चा शुरू हो गई है।
नई दिल्ली, जेएनएन। निर्देशक नितेश तिवारी के महाकाव्य रामायण पर फिल्म बनाने के ऐलान के साथ ही इस फिल्म की कास्ट पर चर्चा शुरू हो गई है। कई बॉलीवुड रिपोर्ट में दावा किया गया है कि रामायण की टीम चाहती है कि फिल्म में रावण का किरदार साहो स्टार प्रभास निभाएं क्योंकि उनकी पर्सनैलिटी इस कैरेक्टर को सूट करेगी। प्रभास की फिजीक रावण के रोल के लिए एकदम ठीक है।
राम के रोल के लिए ऋतिक रोशन और सीता के किरदार के लिए दीपिका पादुकोण का नाम चर्चा में है। हालांकि पिंकविला नितेश तिवारी ने साफ कहा है कि रामायण अभी कॉन्सेप्ट लेवल पर हैं। अभी कास्टिंग के बारे में सोचा तक नहीं है। नितेश ने सिर्फ इतना साफ किया है कि छिछोरे के बाद वह रामायण बनाने जा रहे हैं। यह एक ट्रायोलॉजी होगी। पर रामायण के प्रोड्क्शन से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि इस फिल्म में पहली बार ऋतिक रोशन और दीपिका पादुकोण स्क्रीन शेयर करेंगे।
600 करोड़ का बजट
मेकर्स ने रामायण के लिए 600 करोड़ का बजट रखा है। ये किसी भी इंडियन फिल्म के लिए साइन किया जाने वाला बड़ा बजट है। रामायण पूरे भारत में रिलीज होगी। इसे हिंदी, तमिल और तेलुगू में रिलीज किया जाएगा। टीम चाहती हैं कि बाहुबली स्टार प्रभास रावण का रोल प्ले करे, लेकिन अभी डील लॉक नहीं हुई है। वहीं नितेश की फिल्म छिछोरे अच्छा बिजनेस कर रही है। फिल्म 102 करोड़ रुपये कमा चुकी है। प्रभास की फिल्म साहो का बॉक्स ऑफिस पर जलवा कायम है। साहो वर्ल्ड वाइड 424 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर चुकी है।