छत्रपति शिवाजी महाराज पर अजय देवगन के साथ फिल्म बनाना चाहते हैं रोहित शेट्टी
जागरण सिनेमा समिट के दौरान फिल्मों के लेकर फिल्म कलाकारों सिनेमा के भविष्य विषय पर अपने विचार व्यक्त किए।
रूपेश कुमार गुप्ता, मुंबई। मशहूर फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी ने मुंबई में जागरण सिनेमा समिट के दूसरे संस्करण में सिनेमा जर्नलिस्ट मयंक शेखर से हुई बातचीत में कहा कि वह छत्रपति शिवाजी महाराज पर एक भव्य फिल्म बनाना चाहते हैं।
दैनिक जागरण द्वारा मुंबई में जागरण सिनेमा समिट का आयोजन किया गया जिसमें फिल्मों को लेकर बात हुई। इस मौके पर आए फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी ने अपने आने वाले प्रोजेक्ट्स को लेकर जानकारी दी। रोहित ने बताया कि, वह शिवाजी महाराज पर एक भव्य फिल्म बनाना चाहते हैं। लेकिन इस फिल्म को बनाने के लिए उनके पास रूपये नहीं हैं। इसके चलते वह इस फिल्म को बना नहीं पा रहे हैं। इस अवसर पर रोहित शेट्टी ने यह भीकहा कि इस फिल्म में वह शिवाजी महाराज का किरदार निभाने के लिए अजय देवगन को लेना चाहेंगे। हालांकि उन्होंने इस बात का स्पष्टीकरण भी दिया कि अब हर कोई यही चर्चा करने लगेगा कि अजय देवगन तानाजी के बाद अब शिवाजी महाराज की भूमिका में नजर आ सकते हैं।
रोहित शेट्टी ने आगे कहा कि, वह फिल्में इसलिए बनाते हैं कि उन्हें लगता है, जब उनकी फिल्में देखकर लोग खुश होते हैं तो उन्हें भी खुशी होती है। एक किस्सा बताते हुए उन्होंने कहा कि एक महिला ने आकर उनसे कहा था कि जब घर में अकेली होती हैं और उनकी छोटी बच्ची रो रही होती है तब वह टीवी पर उनकी फिल्में लगा देती है। इससे छोटी बच्ची रोना बंद कर देती है और घर के बाकी सदस्य भी फिल्म देखकर आनंद लेते हैं।
रोहित शेट्टी ने यह भी कहा कि उनकी फिल्म की शूटिंग के दौरान खासकर, किसी एक्शन सीन या गाने को शूट करते समय 100 से ज्यादा डांसर या फाइटर्स होते हैं। भले ही पूरे दिन काम न करें लेकिन उनका पूरा पैसा मिलता है। इसके पीछे रोहित ने कारण बताया कि डांसर और फाइटर्स की काम करने की उम्र 40 से 45 साल तक की होती है और इसके बाद उन्हें कोई काम नहीं होता। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी दुआओं के कारण आज उनकी कई फिल्मों ने 100 करोड़ से अधिक का व्यापार किया है।
यह भी पढ़ें: फेयरनेस क्रीम के ब्रांड एम्बेसडर बनने पर बोलीं यामी, रंगभेद के सख्त ख़िलाफ़ हूं
यह भी पढ़ें: जागरण सिनेमा समिट: सिंबा मेरे जीवन की सबसे अच्छी कहानी है - रोहित शेट्टी