Rishi Kapoor Death: ऋषि कपूर के निधन से दु:खी सलमान ख़ान ने लिखा- कहा सुना माफ़ चिंटू सर
Rishi Kapoor Death सलमान और ऋषि कपूर के रिश्तों में काफ़ी सुधार आ गया था। ऋषि कपूर की सेहत जब बिगड़ी तो सलमान उनकी खोज-ख़बर लेते रहते थे।
नई दिल्ली, जेएनएन। गुरुवार की सुबह लगभग पौने नौ बजे ऋषि कपूर ने मुंबई के अस्पताल में आख़िरी सांस ली। कैंसर से जंग जीतकर पिछले साल लौटे ऋषि के जाने की किसी को उम्मीद नहीं थी, इसलिए भी सब हैरान हैं। उनके निधन से पूरी इंडस्ट्री सदमे में है और शोक मनाया जा रहा है। सोशल मीडिया में ऋषि कपूर को श्रद्धांजलि देने का सिलसिला जारी है।
तमाम एक्टर्स और फ़िल्ममेकर्स वेटरन एक्टर को याद करते हुए उनके बारे में लिख रहे हैं। इस बीच सलमान ख़ान ने ऋषि कपूर के निधन पर गहरा दुख जताते हुए माफ़ी मांगी है। सलमान ने ट्वीट किया- श्रद्धांजलि चिंटू सर। कहा सुना माफ़। परिवार और दोस्तों को संबल, शांति और रोशनी मिले।
Rest in peace chintu sirrr, kaha suna maaf , strength , peace n light to family n friends...— Salman Khan (@BeingSalmanKhan) April 30, 2020
नरम-गरम रहे सलमान और ऋषि कपूर के रिश्ते
सलमान और ऋषि कपूर के बीच नरम-गरम रिलेशनशिप रही है। सलमान के साथ उनके रिश्ते में तनाव कुछ साल पहले सोनम कपूर की शादी के वक़्त आया था। टाइम्स ऑफ़ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सोनम के वेडिंग रिसेप्शन में सलमान ने ऋषि का अभिवादन नहीं किया था। ऋषि का सलमान की भाभी सीमा से झगड़ा भी हो गया था। बाद में सलमान ने एक इंटरव्यू में कहा था कि अगर कोई लगातार उनके परिवार या उनका अपमान करता रहेगा तो वो भी उसका सम्मान नहीं करेंगे। इंडस्ट्री में एक-दो परिवार ऐसे हैं, जिनसे उन्हें कभी इज़्ज़त या प्यार नहीं मिला।
बाद में सलमान और ऋषि कपूर के रिश्तों में काफ़ी सुधार आ गया था। ऋषि कपूर की सेहत जब बिगड़ी तो सलमान उनकी खोज-ख़बर लेते रहते थे। ऋषि कपूर ने हिंदी सिनेमा में एक लम्बा और सार्थक सफ़र तय किया है। उन्होंने कई यादगार फ़िल्मों में काम किया। पर्दे पर ऋषि कपूर की छवि एक रोमांटिक हीरो की रही। उन्होंने रोमांस के अलावा थ्रिलर और पारिवारिक फ़िल्मों में भी काम किया।
बतौर हीरो ऋषि के करियर की यादगार फ़िल्मों में उनकी डेब्यू फ़िल्म बॉबी, अमर अकबर एंथनी, क़र्ज़, चांदनी, नगीना, प्रेम रोग दीवाना आदि शामिल हैं।