Refugee Completes 20 Years: करीना ने शेयर किया पहला शॉट, अभिषेक बोले- अभी तो शुरुआत हुई है!
Refugee Completes 20 Years रिफ्यूजी 30 जून 2000 को रिलीज़ हुई थी। इस क्रॉस बॉर्डर लव स्टोरी में अभिषेक ने रिफ्यूजी नाम के एजेंट का किरदार निभाया था। (Photo- Mid Day)
नई दिल्ली, जेएनएन। निर्देशक जेपी दत्ता की फ़िल्म रिफ्यूजी की रिलीज़ की रिलीज़ को 30 जून को 20 साल पूरे हो गये और इसी के साथ इंडस्ट्री के दो जाने-माने कलाकार करीना कपूर ख़ान और अभिषेक बच्चन के करियर ने भी 20 साल का सफ़र पूरा कर लिया है। दोनों ने इस फ़िल्म से बॉलीवुड डेब्यू किया था। ज़ाहिर है कि करीना और अभिषेक के लिए यह फ़िल्म ख़ास है। दोनों ने अपनी भावनाओं को इंस्टाग्राम पर ज़ाहिर किया है।
करीना ने फ़िल्म से अपने पहले शॉट की झलक शेयर करते हुए लिखा- मेरा पहला शॉट सुबह 4 बजे था। मैं आज सुबह चार बजे उठी। शीशे में देखा और ख़ुद से कहा कि यह मेरा अब तक का बेस्ट डिसीज़न है। कड़ी मेहनत, समर्पण और आत्मविश्वास के 20 साल। मैं अपने सभी फैंस के प्यार, सपोर्ट और संबल के लिए कृतज्ञ हूं। फ़िल्मों में मेरी ज़िंदगी के लिए जेपी दत्ता का शुक्रिया। अभिषेक बच्चन का सबसे प्यारे को-स्टार के लिए शुक्रिया और इस फ़िल्म से जुड़े हरेक व्यक्ति का शुक्रिया। फिर से उसी समय में लौटना चाहती हूं।
वहीं, अभिषेक ने एक लम्बा-सा नोट लिखकर अपनी 20 साल की यात्रा को याद किया। अभिषेक ने लिखा- 20 साल पहले जेपी दत्ता की रिफ्यूजी रिलीज़ हुई थी, जिसने मेरा और करीना को फ़िल्मों की दुनिया से परिचय करवाया। आपकी पहली फ़िल्म हमेशा प्यारी होती है। रिफ्यूजी भी अलग नहीं है। एक नये कलाका को इससे ज़्यादा और क्या चाहिए। जेपी साहब बेस्ट टीचर थे। पूरी कास्ट और क्रू काफ़ी सपोर्टिव था। उन सबके लिए मेरा असीमित प्यार। शुक्रिया। 20 साल पीछे मुड़कर अपनी यात्रा के बारे में सोचना भी एक उपलब्धि है। यक़ीन नहीं होता 20 साल सरवाइव किया है।
अभिषेक आगे लिखते हैं कि इसका सबसे अच्छा भाग यह है कि मुझे ऐसा महसूस होता है कि अभी शुरुआत कर रहा हूं। अभी कितना कुछ साबित करना बाकी है। कितना कुछ करना बाकी है और मुझसे अब सब्र नहीं होता। अभिषेक ने अपने परिवार का आभार जताया, जिनका इस जर्नी में अहम योगदान है।
रिफ्यूजी 30 जून 2000 को रिलीज़ हुई थी। इस क्रॉस बॉर्डर लव स्टोरी में अभिषेक ने रिफ्यूजी नाम के एजेंट का किरदार निभाया था। सुनील शेट्टी, जैकी श्रॉफ और अनुपम खेर भी अहम किरदारों में नज़र आये थे। फ़िल्म का संगीत काफ़ी लोकप्रिय रहा था और दो नेशनल फ़िल्म अवॉर्ड भी मिले थे। सुनील शेट्टी ने बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का फ़िल्मफेयर अवॉर्ड जीता था, जबकि करीना को बेस्ट डेब्यू फीमेल अवॉर्ड दिया गया था।
अभिषेक बच्चन अब द बिग बुल में नज़र आएंगे, जो डिज़्नी प्लस हॉटस्टार पर रिलीज़ हो रही है। करीना की अगली फ़िल्म लाल सिंह चड्ढा है, जिसमें वो आमिर ख़ान के अपोज़िट हैं।