रानू मंडल के दूसरे गाने 'आदत' ने रिलीज से पहले तोड़े रिकॉर्ड, देखें वीडियो
तेरी मेरी कहानी की सफलता के बाद रानू मंडल का नया गाना आदत आने वाला है। इस गाने का मेकिंग वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
नई दिल्ली, जेएनएन। तेरी मेरी कहानी की सफलता के बाद रानू मंडल का नया गाना 'आदत' आने वाला है। इस गाने का मेकिंग वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। बॉलीवुड गायक हिमेश रेशमिया ने इस वीडियो को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है। इस वीडियो को कुछ घंटों में ही 90 हजार से ज्यादा लाइक मिल चुके हैं।
इस वीडियो को शेयर करते हुए हिमेश ने लिखा, आदत की रिकार्डिंग के दौरान महसूस हुआ कि रानू जी सिर्फ एक गाने की स्टार नहीं हैं। आप जब इस गाने को सुनेंगे तो मुझसे सहमत होंगे। रानू सचमुच एक डिवाइन और वर्सिटाइल कलाकार हैं। एक महान प्रतिभा। आप सभी का धन्यवाद। यह 'हैप्पी हार्डी और हीर' से आदत का क्लिप है।
पहला गाना तेरी मेरी कहानी
आदत के अलावा रानू मंडल हिमेश रेशमिया के साथ 'आशिकी में तेरी...' के लिए भी गाएंगी। उनका पहला गाना 'तेरी मेरी कहानी' काफी हिट हुआ था। बता दें कि रानू मंडल पश्चिम बंगाल के राणाघाट रेलवे स्टेशन पर गाना गाकर अपना गुजारा करती थीं। एक वीडियो ने उन्हें रातों-रात सुपरस्टार बना दिया।
सोशल मीडिया की स्टार
रानू ने अपनी आवाज से हिमेश रेशमिया और बाकी कई सिंगर्स को भी खूब प्रभावित किया था। वह सोशल मीडिया से जन्मी एक बड़ी स्टार बन गई हैं। सोशल मीडिया पर रानू मंडल पर हिट हैं और उनके गाने चर्चा का विषय बने हुए हैं। सिंगर हिमेश रेशमिया ने उन्हें अपनी फिल्म हैप्पी हार्डी एंड हीर के गानों में उन्हें अवसर दिया, जिसके बाद से उनकी चर्चा ज्यादा होने लगी।