रणबीर कपूर ने रणवीर सिंह को दिया ऐसा चैलेंज, अक्षय कुमार भी हो गये जिसमें फेल
रणबीर और रणवीर के बीच की समीकरण भी कमाल की है। रणबीर की पहली आधिकारिक गर्लफ्रेंड दीपिका पादुकोण ही थीं। ब्रेकअप के बाद रणबीर की ज़िंदगी में कटरीना कैफ़ आ गयीं।
मुंबई। रणबीर कपूर ने अब रणवीर सिंह को एक ऐसे काम के लिए खुली चुनौती दी है, जिसे करना बेहद मुश्किल है।अक्षय कुमार जैसे फिट कलाकार भी इस चुनौती में फेल हो चुके हैं। यह है सुई धागा चैलेंज। इस चैलेंज को रणबीर कपूर ने पास कर लिया है।
28 सितम्बर को वरुण धवन की फ़िल्म सुई धागा रिलीज़ हो रही है। फ़िल्म में वरुण टेलर के किरदार में हैं और अनुष्का शर्मा उनकी पत्नी का रोल निभा रही हैं। सुई धागा के प्रमोशन के लिए सोशल मीडिया में सुई धागा चैलेंज चलाया जा रहा है, जिसमें सेलेब्रिटीज़ एक-दूसरे को सुई में धागा डालने की चुनौती दे रहे हैं। वरुण की गुज़ारिश पर अक्षय कुमार ने इस चैलेंज की शुरुआत की थी और अपना वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें वो कोशिश करते हैं मगर कामयाब नहीं हो पाते। अब वरुण ने करण जौहर और रणबीर कपूर का एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें दोनों सुई धागा चैलेंज पूरा करने की कोशिश करते दिख रहे हैं। इस मज़ाकिया वीडियो में करण सुई में धागा नहीं डाल पाते, मगर रणबीर सफल हो जाते हैं और फिर करण दीपिका पादुकोण को चैलेंज करते हैं, जबकि रणबीर, रणवीर सिंह को चुनौती देते हैं।
@karanjohar vs ranbir kapoor hahaha thank u guys sab badhiyaa hai
सबसे दिलचस्प बात यह है कि चुनौतियों के लिए हमेशा तैयार रहने वाले रणवीर सिंह भी इस मस्ती-मज़ाक में शामिल हो गये। उन्होंने इस पोस्ट पर कमेंट में लिखा है- लग गये। जैसे यह चुनौती उनके लिए आसान नहीं होगी। इसके जवाब में वरुण धवन लिखते हैं- सिम्बा को करना होगा भैया।
वैसे रणबीर और रणवीर के बीच की समीकरण भी कमाल की है। बॉलीवुड में करियर शुरू करने के बाद रणबीर की पहली आधिकारिक गर्लफ्रेंड दीपिका पादुकोण ही थीं। ब्रेकअप के बाद रणबीर की ज़िंदगी में कटरीना कैफ़ आ गयीं और दीपिका रणवीर के पास चली गयीं। रणवीर की पहली ऑफ़िशियल गर्लफ्रेंड दीपिका पादुकोण ही हैं और अब रणवीर की जीवन संगिनी भी बन सकती हैं। नवम्बर में दोनों की शादी की ख़बरें आ रही हैं।
इस साल जिन दो फ़िल्मों ने बॉक्स ऑफ़िस पर 300 करोड़ से अधिक कलेक्शन किया है, उनके हीरो रणवीर सिंह और रणबीर कपूर ही हैं। रणवीर और दीपिका की फ़िल्म पद्मावत ने 300 करोड़ से अधिक कलेक्शन किया था, जबकि रणबीर की फ़िल्म संजू 341 करोड़ के पार पहुंची थी।