Move to Jagran APP

प्रियंका चोपड़ा ने 'भारत' छोड़कर जो झटका दिया है, उससे कहीं बड़ा सदमा दे चुकी हैं रेखा

हाल ही में सलमान ने लवरात्रि के प्रमोशंस के दौरान इस बात को रेखांकित किया है कि उन्हें प्रियंका के भारत छोड़ने से कोई दिक्कत नहीं है।

By Manoj VashisthEdited By: Published: Wed, 08 Aug 2018 06:07 PM (IST)Updated: Sun, 26 Aug 2018 08:42 AM (IST)
प्रियंका चोपड़ा ने 'भारत' छोड़कर जो झटका दिया है, उससे कहीं बड़ा सदमा दे चुकी हैं रेखा
प्रियंका चोपड़ा ने 'भारत' छोड़कर जो झटका दिया है, उससे कहीं बड़ा सदमा दे चुकी हैं रेखा

मुंबई। प्रियंका चोपड़ा ने सलमान ख़ान की फ़िल्म 'भारत' शूटिंग शुरू होने से ठीक पहले छोड़ दी। प्रियंका के इस फ़ैसले से हर किसी को झटका लगा, क्योंकि काफ़ी अर्से से सलमान और प्रियंका की पर्दे पर वापसी को लेकर हाइप बनी हुई थी। ख़ुद सलमान ने ट्वीट करके प्रियंका के 'भारत' में आने का एलान किया था। किसी ने सोचा भी नहीं था कि प्रियंका ऐसे अचानक सलमान की फ़िल्म छोड़ देंगी, क्योंकि ख़बर यह भी आयी थी कि प्रियंका को इस फ़िल्म के लिए एक बहुत बड़ी राशि फीस के रूप में दी जा रही है।

loksabha election banner

बहरहाल, प्रियंका 'भारत' में नहीं रुकी और इस बार प्रियंका के जाने का एलान डायरेक्टर अली अब्बास ज़फ़र ने किया। उन्होंने जिस अंदाज़ में ट्वीट किया, उससे ऐसा एहसास हुआ कि प्रियंका अपने कथित बॉयफ्रेंड अमेरिकन सिंगर निक जोनास से शादी करने वाली हैं और इसीलिए उन्होंने फ़िल्म छोड़ी है, मगर इसके बाद ख़बर आयी कि प्रियंका ने हॉलीवुड फ़िल्म 'काउबॉय निंज़ा वाइकिंग' साइन कर ली है, जिसमें वो क्रिस प्रैट के साथ फीमेल लीड में होंगी। यह वजह सभी को वाजिब लगी कि एक बड़ी हॉलीवुड फ़िल्म के लिए प्रियंका बॉलीवुड फ़िल्म छोड़ने का रिस्क उठा सकती हैं, भले ही हीरो सलमान ख़ान हों।

हाल ही में सलमान ने भी 'लवरात्रि' के प्रमोशंस के दौरान इस बात को रेखांकित किया है कि उन्हें प्रियंका के 'भारत' छोड़ने से कोई दिक्कत नहीं है। हालांकि फ़िल्म की तैयारी प्रियंका को ध्यान में रखकर ही की जा रही थी। सलमान ने इतना ज़रूर कहा कि प्रियंका हॉलीवुड में भारत का नाम रौशन कर रही हैं। दिलचस्प बात यह भी है कि 'भारत' जैसी मेगा बजट फ़िल्म छोड़ने की दम दिखाने वाली प्रियंका ने अपेक्षाकृत छोटी बॉलीवुड फ़िल्म 'स्काय इज़ पिंक' की शूटिंग शुरू कर दी है, जिसमें फ़रहान अख़्तर और ज़ायरा वसीम मुख्य किरदार निभा रहे हैं। भारत में प्रियंका की जगह कटरीना कैफ़ आ गयी हैं और पहला शेड्यूल मुंबई में पूरा हो चुका है। फ़िल्म अब माल्टा जा पहुंची है। मगर यह सवाल अभी भी क़ायम है कि प्रियंका ने 'भारत' क्यों छोड़ी, जबकि ऐसा भी नहीं है कि उनकी हॉलीवुड डायरी में बॉलीवुड फ़िल्मों के लिए कोई तारीख़ ना हो। 

हालांकि अब ख़बर आ रही है कि प्रियंका चोपड़ा की हॉलीवुड फ़िल्म डिले हो गयी है। फ़िल्म पहले 2019 के मध्य में रिलीज़ के लिए निर्धारित थी, मगर अब फ़िल्म को कुछ वक़्त के लिए रोक दिया गया है और नई तारीख़ का एलान भी नहीं किया गया है। इस बीच प्रियंका ने एक ऐसा ट्वीट किया है, जिसे उनके करियर में हो रहे इन तेज़ रफ़्तार डेवलेपमेंट से जोड़कर देखा जा रहा है। प्रियंका लिखती हैं- ''इस दुनिया में आप जो हैं वही बने रहना सबसे बड़ी उपलब्धि है, जबकि दुनिया आपको लगातार बदलने की कोशिश कर रही है, जो आप नहीं हैं।'' यह राल्फ वाल्डो एमर्सन का वाक्य है।

प्रियंका के 'भारत' को लेकर इस रवैए ने कई और अभिनेताओं-अभिनेत्रियों की याद दिला दी है, जिन्होंने फ़िल्म के एलान या शूटिंग शुरू होने के बाद फ़िल्म छोड़कर निर्माताओं के हाथ-पांव फुला दिये थे।

अभिषेक बच्चन

जेपी दत्ता की 'पलटन' बनकर रिलीज़ के लिए तैयार है। फ़िल्म का प्रमोशन शुरू हो चुका है। इस मल्टीस्टारर फ़िल्म का एलान दत्ता साहब ने अभिषेक बच्चन के साथ किया था, जिन्होंने 'रिफ्यूजी' से बॉलीवुड में उन्हें लांच किया, मगर फ़िल्म की शूटिंग शुरू होने से पहले अभिषेक ने 'पलटन' से पलटी मार ली। उनकी जगह फ़िल्म में हर्षवर्धन राणे को लेने का एलान किया गया। वैसे फ़िल्म में जैकी श्रॉफ, अर्जुन रामपाल, सोनू सूद, गुरमीत चौधरी, सिद्धांत कपूर आदि अभिनेता मुख्य भूमिकाओं में दिखने वाले हैं। वहीं, अभिषेक अनुराग कश्यप की फ़िल्म मनमर्ज़ियां के ज़रिए पर्दे पर लौटेंगे।

चित्रांगदा सिंह

नवाज़उद्दीन सिद्दीक़ी की फ़िल्म 'बाबूमोशाय बंदूकबाज़' में चित्रांगदा सिंह को फीमेल लीड के लिए कास्ट किया गया था। फ़िल्म का कुछ हिस्सा शूट करने के बाद चित्रांगदा ने फ़िल्म छोड़ दी। इसको लेकर उनकी निर्देशक कुषाण नंदी से संबंध भी बिगड़े। चित्रांगदा का आरोप था कि निर्देशक उनके और नवाज़ के बीच कुछ ऐसे बोल्ड सींस फ़िल्माने की कोशिश कर रहे थे, जिसके लिए वो सहज नहीं हो पा रही थीं। कुषाण ने भी इन आरोपों का जवाब दिया। बाद में बिदिता बाग को लेकर फ़िल्म पूरी की गयी।

रेखा

वेटरन एक्टर रेखा ने निर्देशक अभिषेक कपूर के साथ जो किया वो तो एक अलग ही क़िस्सा है। अभिषेक ने रेखा, कटरीना कैफ़ और आदित्य रॉय कपूर को लेकर 'फ़ितूर' शुरू की। फ़िल्म की शूटिंग निर्बाध पूरी हुई और इस दौरान यह रेखा और कटरीना की वजह से ख़बरों में भी ख़ूब रही। मगर, फ़िल्म पूरी होने के बाद अचानक ख़बर आयी कि रेखा ने अभिषेक से गुज़ारिश की है कि उनका पूरा हिस्सा फ़िल्म से निकाल दें, क्योंकि उन्हें यह जम नहीं रहा। ज़ाहिर बात है कि ऐसी गुज़ारिश से किसी भी निर्देशक के पैरों तले ज़मीन खिसक जाएगी। मगर, अभिषेक ने बात का बतंगड़ बनाए बिना ही रेखा को तब्बू से रिप्लेस कर दिया और फ़िल्म के रेखा वाले हिस्सों को तब्बू के रीशूट किया। इस चक्कर में फ़िल्म का बजट भी बढ़ गया। ऊपर से फ़ितूर बॉक्स ऑफ़िस पर भी नहीं चली।

ऐश्वर्या राय बच्चन

कुछ ऐसा ही सदमा ऐश्वर्या राय बच्चन भी निर्माता-निर्देशक मधुर भंडारकर को दे चुकी हैं। आपको याद होगा कि कुछ साल पहले मधुर ने ऐश के साथ 'हीरोइन' फ़िल्म का एलान कान फ़िल्म फ़ेस्टिवल में किया था। ज़ोर-शोर से शूटिंग शुरू हुई, मगर लगभग आधी फ़िल्म शूट करने के बाद ऐश ने हाथ खड़े कर दिये और फ़िल्म छोड़ दी। वजह सामने आयी, ऐश्वर्या की प्रिग्नेंसी। ऐसे में मधुर कुछ कर भी नहीं सकते थे। आख़िरकार करीना कपूर को लेकर मधुर ने फ़िल्म पूरी की। हालांकि यह बड़ी फ्लॉप रही। इसके बाद ही इंडस्ट्री में अभिनेत्रियों के साथ नो प्रिग्नेंसी क्लॉज़ कांट्रेक्ट में शामिल करने की कवायद तेज़ हुई।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.