प्रियंका चोपड़ा ने टाइम मैगज़ीन में ऋषि कपूर को दी श्रद्धांजलि, लिखा- 'रोमांस को समझना आसान बनाया'
Priyanka Chopras Article on Rishi Kapoor प्रियंका ने नीतू कपूर रिद्धिमा और रणबीर को सांत्वना देते हुए लिखा कि पूरी दुनिया उनके जाने का ग़म मना रही है।
नई दिल्ली, जेएनएन। 30 अप्रैल को हिंदी सिनेमा के दिग्गज कलाकार ऋषि कपूर का निधन हो गया। ऋषि के आकस्मिक चले जाने से फ़िल्म इंडस्ट्री और उनके फैंस सन्न रह गये। उन्हें याद करके श्रद्धांजलि दिये जाने का सिलसिला अभी भी जारी है। कपूर परिवार के नज़दीक रहीं प्रियंका चोपड़ा ने अमेरिका की टाइम मैगज़ीन में ऋषि को एक लेख के ज़रिए श्रद्धांजलि दी है।
इस लेख में प्रियंका ने ऋषि की एक्टिंग स्टाइल, उनके ऑनस्क्रीन रोमांस और इसके भारतीय सिनेमा पर प्रभाव को लेकर बात की है। प्रियंका ने लिखा है कि वो ख़ुशकिस्मत हैं कि ऋषि के साथ काम करने का मौक़ा मिला। प्रियंका ने ऋषि के साथ अग्निपथ में काम किया था, जो ऋषि के करियर का सबसे चैलेंजिंग रोल कहा जा सकता है। इसमें ऋषि ने अपनी आम रोमांटिक छवि के ख़िलाफ़ एक निर्दयी और शातिर विलेन का रोल निभाया था।
प्रियंका ने आगे लिखा कि उन्होंने पर्दे पर जिस तरह रोमांस किया, उससे आम लोगों को प्यार करना आसान लगने लगा। मासूमियत के साथ उनके रोमांस में शेक्सपियर के हीरो की झलक थी। प्रियंका ने नीतू कपूर, रिद्धिमा और रणबीर को सांत्वना देते हुए लिखा कि पूरी दुनिया उनके जाने का ग़म मना रही है।
प्रियंका ने आगे लिखा कि जैसा कि ऋषि कपूर के पिता राज कपूर ने मेरा नाम जोकर में कहा था- शो नहीं रुकना चाहिए। यह लेख 18 मई के ईशू में आएगा। बता दें कि प्रियंका चोपड़ा ऋषि कपूर से न्यूयॉर्क में भी मिलने गयी थीं, जहां वो कैंसर का इलाज करवाने गये हुए थे। उसी मुलाक़ात की तस्वीर शेयर करके प्रियंका ने ऋषि को श्रद्धांजलि भी दी थी।
ऋषि कपूर को 2018 में कैंसर का पता चला था, जिसके बाद वो न्यूयॉर्क चले गये थे। ऋषि पिछले साल सितम्बर में वापस आये थे और फ़िल्मों में काम करना शुरू कर दिया था।