Priyanka Chopra ने शुरू की हॉलीवुड फ़िल्म की शूटिंग, सामने आयी पहली तस्वीर, ऐसा है लुक
वी कैन वी हीरोज़ को रॉबर्ट रॉड्रिग्स डायरेक्ट कर रहे हैं जो इससे पहले स्पाय किड्स सिन सिटी और एलिटा- बैटल एंजिल जैसी फ़िल्मों का निर्देशन कर चुके हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। बॉलीवुड की बाउंड्रीज़ से निकलकर इंटरनेशनल सेलेब्रिटी बन चुकीं प्रियंका चोपड़ा ने अपनी हॉलीवुड फ़िल्म की शूटिंग शुरू कर दी है। फ़िल्म के सेट से जो पहली तस्वीर आयी है, उसमें प्रियंका कुछ बच्चों और डायरेक्टर के साथ दिख रही हैं।
प्रियंका की यह तस्वीर ट्विटर पर उनके फैन एकाउंट से शेयर की गयी है। प्रियंका की हॉलीवुड फ़िल्म का नाम है We Can Be Heroes... यह बच्चों की सुपरहीरो फ़िल्म है, जो नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ की जाएगी। प्रियंका का फ़िल्म में क्या रोल होगा, इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है। मगर माना जा रहा है कि वो सुपरहीरो प्ले करेंगी। फ़िल्म की कहानी एलियन अटैक से जुड़ी है।
📸 | @priyankachopra with director @Rodriguez on the set of #WeCanBeHeroes pic.twitter.com/r6C5VeM7a5 — PRIYANKA DAILY (@PriyankaDailyFC) August 24, 2019
'वी कैन वी हीरोज़' को रॉबर्ट रॉड्रिग्स डायरेक्ट कर रहे हैं, जो इससे पहले स्पाय किड्स, सिन सिटी और एलिटा- बैटल एंजिल जैसी फ़िल्मों का निर्देशन कर चुके हैं। प्रियंका चोपड़ा इन दिनों हॉलीवुड में ख़ूब छायी हुई हैं। प्रियंका ने ड्वेन जॉनसन के साथ 'बेवॉच' से हॉलीवुड फ़िल्म डेब्यू किया था। इसके बाद वो 'अ किड लाइक जेक' और 'इज़ इंट इट रोमांटिक' में नज़र आ चुकी हैं।
'अ किड लाइक जेक' भारत में रिलीज़ नहीं हुई थी, जबकि 'इज़ इंट इट रोमांटिक' भारत में नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ हुई थी। लेकिन नेटफ्लिक्स ओरिजिनल के लिए प्रियंका पहली बार काम कर रही हैं। हालांकि उनकी स्पाय सीरीज़ 'क्वांटिको' भी नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है।
बॉलीवुड़ की बात करें तो प्रियंका की आख़िरी फ़िल्म 'जय गंगाजल' है, जिसमें उन्होंने पुलिस अफ़सर की भूमिका निभायी थी। प्रियंका इसी साल आयी सलमान ख़ान की 'भारत' से स्क्रीन पर लौटने वाली थीं, मगर निक जोनस से शादी करने के लिए उन्होंने फ़िल्म छोड़ दी और उनकी जगह कटरीना कैफ़ ने ले ली। प्रियंका स्काय इज़ पिंक से बॉलीवुड में लौटेंगी।