प्रियंका चोपड़ा के डैड ही नहीं मॉम भी रह चुकीं आर्मी ऑफ़िसर, पहली बार सामने आयी यूनिफॉर्म में तस्वीर
Priyanka Chopras Mother An Army Officer प्रियंका ने बताया था- मेरी मां मेरी हीरो हैं। वो छोटे कस्बे की रहने वाली ऐसी महिला हैं जो अपने सपने पूरा करने के लिए घर से भाग गयी थीं।
नई दिल्ली, जेएनएन। प्रियंका चोपड़ा के पिता स्वर्गीय डॉ. अशोक चोपड़ा ने चिकित्सक के रूप में भारतीय सेना में अपनी सेवाएं दी थीं, मगर बहुत कम लोग जानते हैं कि उनकी मॉम भी आर्मी में डॉक्टर थीं। प्रियंका ने दोनों की एक तस्वीर शेयर की है, जिसमें मिस्टर एंड मिसेज़ चोपड़ा आर्मी यूनिफॉर्म में नज़र आ रहे हैं।
इस थ्रोबैक तस्वीर के साथ प्रियंका ने लिखा- मेरे माता-पिता ने भारतीय सेना को अपनी सेवाएं दी थीं और शायद यही वजह है कि मैं दुनियाभर के मिलिट्री परिवारों के लिए अपनापन महसूस करती हूं। आइए, आज उन सभी शहीद नायकों को याद करें, जिन्होंने हमारी आज़ादी के लिए अपनी जान दे दी। प्रियंका के पिता आर्मी में लेफ्टिनेंट कर्नल की पोस्ट से सेवानिवृत्त हुए थे।
प्रियंका की इस पोस्ट पर उनकी कज़िन परिणीति चोपड़ा समेत कई सेलेब्रिटीज़ ने कमेंट किये हैं। परिणीति ने लिखा- बड़े पापा और बड़ी मम्मी की बेस्ट फोटो। ईशा गुप्ता, हिना ख़ान, ज़रीन ख़ान ने इस पोस्ट पर प्यार जताया है।
प्रियंका ने 2017 में अपनी एक इंस्टाग्राम पोस्ट में अपनी मॉम के बारे में विस्तार से बताया था। उन्होंने इस पोस्ट में ऐसी बातों का खुलासा किया था, जिन्हें जानकर कोई भी चौंक जाएगा। प्रियंका ने लिखा था- यह सुनने में पुराना-सा लग सकता है कि मेरी मां मेरी हीरो हैं। वो छोटे कस्बे की रहने वाली ऐसी महिला हैं, जो अपने सपने पूरे करने के लिए घर से भाग गयी थीं। वो सैन्य बल में डॉक्टर थीं। उनके पास 8 अलग-अलग मेडिकल सर्टिफिकेट हैं। सर्टिफाइड पायलट हैं और 9 भाषाएं बोलती हैं।
वो खुली जीप में घूमा करती थीं। वो एक ज़बर्दस्त मां, बेटी, बहन, पत्नी और बिज़नेस पार्टनर हैं। उन्होंने ही मुझे सिखाया कि मैं कुछ भी बन सकती हूं। इसीलिए वो मेरी गर्ल हीरो हैं। प्रियंका ने इंटरनेशनल गर्ल चाइल्ड डे पर यह खुलासे किये थे और कहा था कि लड़कियों में वो आत्मविश्वास जगाना अहम है।