Priyanka Chorpa The White Tiger: प्रियंका के साथ नज़र आएंगे राजकुमार राव, ऐसी होगी फ़िल्म की कहानी
Priyanka Chopra The White Tiger प्रियंका इन दिनों अपने पति निक जोनस के साथ ख़बरों में रहती हैं। हाल ही में दोनों को एक इंटरनेटशनल मैगज़ीन ने बेस्ट ड्रेस्ड कपल चुना है।
नई दिल्ली, जेएनएन। प्रियंका चोपड़ा ख़बरों में तो ख़ूब छाई रहती हैं, मगर हिंदी सिनेमा के पर्दे पर 2016 के बाद नहीं दिखी हैं। प्रकाश झा की फ़िल्म जय गंगाजल प्रियंका की आख़िरी हिंदी फ़िल्म है। मगर, आने वाले दिनों में प्रियंका कई फ़िल्मों में दिखने वाली हैं। बॉलीवुड में उनकी वापसी द स्काय इज़ पिंक से होगी, जिसे शोनाली बोस ने डायरेक्ट किया है। वहीं, नेटफ्लिक्स ओरिजिनल में भी प्रियंका काम कर रही हैं।
भारत आने से पहले द स्काय इज़ पिंक अगले हफ़्ते टोरंटो इंटरनेशनल फ़िल्म फेस्टिवल में रिलीज़ होगी। भारत में फ़िल्म 11 अक्टूबर को रिलीज़ होगी। नेटफ्लिक्स के लिए प्रियंका वी कैन बी हीरोज़ में काम कर रही हैं। इसके बाद वो अरविंद अडिगा के नॉवल द व्हाइट टाइगर पर बनने वाली फ़िल्म में भी मुख्य भूमिका में होंगी। इस किताब को बुकर प्राइज़ मिल चुका है। ख़ास बात यह है कि फ़िल्म में प्रियंका के साथ राजकुमार राव भी एक अहम किरदार में नज़र आएंगे। प्रियंका और राजकुमार को एक साथ देखना दिलचस्प होगा।
.@priyankachopra and @RajkummarRao in a Netflix adaptation of Aravind Adiga's The White Tiger.
BRB, flipping out. — Netflix India (@NetflixIndia) September 4, 2019
फ़िल्म से प्रियंका बतौर एक्ज़ीक्यूटिव प्रोड्यूसर भी जुड़ी हैं। प्रियंका ने इस नये प्रोजेक्ट्स को लेकर अपनी ख़ुशी ज़ाहिर की है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर ख़बर शेयर करते हुए लिखा- दोनों प्रोजेक्ट्स मेरे लिए दिन और रात की तरह हैं।
फ़िल्म का निर्देशन रामीन बहरानी कर रहे हैं। फ़िल्म में प्रियंका के साथ आदर्श गौरव नज़र आएंगे, जो डेब्यू कर रहे हैं। वैसे प्रियंका इन दिनों अपने पति निक जोनस के साथ ख़बरों में रहती हैं। हाल ही में दोनों को एक इंटरनेटशनल मैगज़ीन ने बेस्ट ड्रेस्ड कपल चुना है।
प्रियंका चोपड़ा एक्टिंग के साथ फ़िल्म प्रोडक्शन भी कर रही हैं, मगर मुख्यधारा की बॉलीवुड फ़िल्में बनाने के बजाय प्रियंका क्षेत्रीय भाषा के सिनेमा पर फोकस कर रही हैं। प्रियंका भोजपुरी, मराठी, पंजाबी और असमी भाषाओं में फ़िल्मों का निर्माण कर चुकी हैं। उनकी मराठी फ़िल्म पानी को इसी साल पर्यावरण संरक्षण पर बनी बेस्ट फीचर फ़िल्म का राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार मिला है।
हॉलीवुड फ़िल्मों की बात करें तो प्रियंका ने 2017 में बेवॉच से हॉलीवुड फ़िल्म इंडस्ट्री में डेब्यू किया था। इसके बाद अ किड लाइक जेक और इज़ इंट इट रोमांटिक में प्रियंका चोपड़ा ने अहम भूमिकाएं निभायी थीं। ये दोनों ही फ़िल्में भारत में रिलीज़ नहीं हुई थीं। अलबत्ता, इज़ इंट इट रोमांटिक भारत में नेटफ्लिक्स पर दिखायी जा चुकी है।