Coronavirus Crisis: डेली वेज वर्कर्स की मदद के लिए फ़िल्म इंडस्ट्री की तीन बड़ी संस्थाओं ने मिलाया हाथ, जानें पूरी डिटेल
तीन संस्थाएं प्रोड्यूसर गिल्ड ऑफ़ इंडिया (PGI) इंडियन फ़िल्म एंड टेलीविजन प्रोड्यूसर काउंसिल (IFTPC) और फेडरेशन ऑफ़ वेस्टर्न इंडिया सिने इंप्लाइज (FWICE) अब साथ काम करेंगी।
नई दिल्ली, जेएनएन। Coronavirus Crisis: कोरोना वायरस की वजह से दुनियाभर के बाजारों पर असर पड़ा है। फ़िल्म इंडस्ट्री भी इसके प्रकोप से जूझ रही है। 19 मार्च से फ़िल्म, टेलीविजन और ओटीटी प्लेटफॉर्म्स के लिए बनने वाले शोज़ की शूटिंग बंद है। शूटिंग बंद होने के कारण फ़िल्म इंडस्ट्री में काम करने वाले डेली वेज वर्कर्स के सामने अब रोजी-रोटी का बड़ा सकंट खड़ा हो गया है। उनकी आर्थिक स्तिथि काफी खराब है। इस बीच फ़िल्म इंडस्ट्री में काम करने वाली तीन संस्थाएं एक साथ मिलकर इनके मदद के लिए आगे आई हैं।
दैनिक भत्ता कर्मचारियों की मदद के लिए तीन संस्थाएं 'प्रोड्यूसर गिल्ड ऑफ़ इंडिया (PGI)', 'इंडियन फ़िल्म एंड टेलीविजन प्रोड्यूसर काउंसिल (IFTPC)' और 'फेडरेशन ऑफ़ वेस्टर्न इंडिया सिने इंप्लाइज (FWICE)' एक साथ मिलकर काम करेंगी। गौरतलब है कि इससे पहले प्रोड्यूसर गिल्ड ऑफ़ इंडिया और इंडियन फ़िल्म एंड टेलीविजन प्रोड्यूसर काउंसिल ने मिलकर फंड बनाने की घोषणा की थी। इसके अलावा दोनों ही संस्थाएं लॉकडाउन में प्रभावित डेली वेज वर्कर्स की मदद भी कर रही हैं।
इन दोनों के प्रयास के बाद 'फेडरेशन ऑफ़ वेस्टर्न इंडिया सिने इंप्लाइज' भी फंड इकठ्ठा करने की मुहिम में आगे आया है। दोनों संस्थाओं के साथ मिल एफडब्लूआईसीई अप्रैल के पहले हफ्ते से लोग की मदद करना शुरू करेगा।
IMPORTANT... Three film industry associations - #PGI, #IFTPC and #FWICE - come together... Will support daily wage workers through direct bank payments... OFFICIAL STATEMENT... #CoronaVirus #COVID19 pic.twitter.com/iuQOo6hGw5— taran adarsh (@taran_adarsh) April 2, 2020
फेडरेशन ऑफ़ वेस्टर्न इंडिया सिने इंप्लाइज के जरिए सलमान ख़ान भी कर चुके हैं मदद
सलमान ख़ान ने भी हाल ही में 25 हजार डेली वेज वर्कर्स की मदद घोषणा की है। सलमान ख़ान को मदद करने के लिए फेडरेशन ऑफ़ वेस्टर्न इंडिया सिने इंप्लाइज ने अप्रोच किया था। इस मामले में सलमान ख़ान ने फेडरेशन से लॉकडाउन से सबसे अधिक प्रभावित लोगों की लिस्ट भी मांगी थी। इसके अलावा कई और बॉलीवुड एक्टर और प्रोड्यूसर डेली वेज वर्कर्स की मदद के लिए आगे आ चुके हैं। इनमें रोहित शेट्ट, राजकुमार राव और करण जौहर जैसे सेलेब्स का नाम शामिल है।