Pal Pal Dil Ke Paas Box Office Collection Day 3: करण देओल की डेब्यू फ़िल्म प्रस्थानम और द ज़ोया फैक्टर से रही आगे, जानिए कितनी हुई कमाई
Pal Pal Dil Ke Paas Box Office Collection Day 3 कुल मिलाकर पल पल दिल के पास ने दोनों फ़िल्मों से बेहतर प्रदर्शन किया है। पल पल दिल के पास को सनी देओल ने डायरेक्ट किया था।
नई दिल्ली, जेएनएन। सनी देओल के बेटे करण देओल की पहली फ़िल्म 'पल पल दिल के पास' भारी अपेक्षाओं के बीच रिलीज़ हुई, मगर ज़्यादा दर्शक नहीं मिले, जिसके चलते ओपनिंग वीकेंड में फ़िल्म का कलेक्शन 5 करोड़ से भी कम रहा।
20 सितम्बर को संजय दत्त की प्रस्थानम और सोनम कपूर की द ज़ोया फैक्टर के साथ आयी पल पल दिल के पास ने एक करोड़ से कुछ अधिक की ओपनिंग ली थी। बॉलीवुड हंगामा वेबसाइट के अनुसार, शुक्रवार को फ़िल्म ने 1.12 करोड़ शनिवार को 1.40 करोड़ और रविवार को 1.90 करोड़ जमा किये थे। इस तरह ओपनिंग वीकेंड में फ़िल्म को 4.42 करोड़ मिले हैं।
वहीं, प्रस्थानम को 3 दिनों में 3.05 करोड़ मिले। प्रस्थानम ने शुक्रवार को 80 लाख की ओपनिंग ली थी, जबकि शनिवार को एक करोड़ और रविवार को 1.25 करोड़ जमा किये थे। द ज़ोया फैक्टर को 2.50 करोड़ मिल सके। इस फ़िल्म को 85 लाख की ओपनिंग मिली, जबकि शनिवार और रविवार को 85 लाख और 80 लाख का कलेक्शन किया था।
कुल मिलाकर पल पल दिल के पास ने दोनों फ़िल्मों से बेहतर प्रदर्शन किया है। पल पल दिल के पास को सनी देओल ने डायरेक्ट किया था। फ़िल्म से सहर बाम्बा ने भी बतौर लीड एक्ट्रेस डेब्यू किया। वहीं, संजय दत्त की प्रस्थानम का निर्देशन देवा कट्टा ने किया। एक राजनीतिक परिवार के इर्द-गिर्द घूमती इस कहानी में मनीषा कोईराला, जैकी श्रॉफ, चंकी पांडेय, अली फ़ज़ल और सत्यजीत दुबे ने मुख्य किरदार निभाए। प्रस्थानम इसी नाम से आयी दक्षिण भारतीय फि़ल्म का रीमेक है। संजय दत्त ने फ़िल्म का निर्माण भी किया है।
द ज़ोया फैक्टर का निर्देशन अभिषेक शर्मा ने किया था। इसकी कहानी क्रिकेट में अंधविश्वास पर आधारित है, जो अनुजा चौहान के इसी नाम से आये उपन्यास से ली गयी है। फ़िल्म सोनम के साथ दुल्कर सलमान ने मुख्य किरदार निभाया है।