एकता कपूर ही नहीं, आमिर, सलमान, शाह रुख़... इन सेलेब्स के घर भी सरोगेसी ने दी गुड न्यूज़
एकता के अलावा बॉलीवुड में कई ऐसे सलेब्स हैं जिनके घर सरोगेसी की वजह से गुड न्यूज़ आई है। बहुत कम लोग जानते हैं कि इस लिस्ट में सलमान ख़ान का घर भी शामिल है।
मुंबई। सरोगेसी और IVF के माध्यम से बॉलीवुड के कई सेलेब्स आज पेरेंट्स बने हैं। इसमें सबसे लेटेस्ट नाम है टीवी इंडस्ट्री की क्वीन एकता कपूर का। हाल ही में खबर आई है कि एकता सरोगेसी की मदद से एक बेटे की मां बनीं हैं। ख़बरों के मुताबिक 27 जनवरी को एकता ने यह गुड न्यूज़ अपने करीबियों को दी और अब पूरा परिवार बेबी बॉय के घर आने का इंतज़ार कर रहा है।
करियर की ऊंचाइयों पर एकता ने अपनी ज़िन्दगी का यह बड़ा फैसला लिया है और यकीनन यह उनके लिए बेहद ख़ुशी की बात है। टीवी इंडस्ट्री, वेब इंडस्ट्री, बॉलीवुड फ़िल्मों को एकता ने अकेले ही संभाला है और बहुत अच्छी तरह मेन्टेन किया है और हमें यकीन हैं कि सिंगल पेरेंटिंग में भी वो बेस्ट होंगी। आप जानते ही होंगे कि एकता के भाई तुषार कपूर भी सरोगेसी के ज़रिये ही साल 2016 में बेटे लक्ष्य के पिता बने थे। लक्ष्य के आने के बाद कपूर परिवार में एक अलग ही माहौल नज़र आता है। हर फेस्टिवल को ये लोग लक्ष्य के साथ ही मनाते हैं और अब बारी है अभिनेता जीतेन्द्र के नाना बनने की।
यह भी पढ़ें: किसी 'अपने' ने धर्मेंद्र को पहुंचाई गहरी चोट, पोस्ट तो डिलीट कर दी, पर बढ़ गया 'दर्द'
इसके अलावा बॉलीवुड में कई ऐसे सलेब्स हैं जिनके घर सरोगेसी की वजह से गुड न्यूज़ आई है। बहुत कम लोग जानते हैं कि इस लिस्ट में सलमान ख़ान का घर भी शामिल है। सलमान के भाई सोहेल ख़ान और उनकी पत्नी सीमा ने साल 2011 में अपने दूसरे बेटे योहान को सरोगेसी की मदद से ही पाया। वैसे, सलमान भी कई बार पिता बनने की इच्छा ज़ाहिर कर चुकें हैं।
आमिर ख़ान की दूसरी पत्नी किरण राव के बेटे आज़ाद ख़ान ने भी साल 2011 में सरोगेसी की मदद से जन्म लिया था। हालांकि, पहली पत्नी रीना दत्ता से आमिर के तो बच्चे हैं जुनैद और ईरा।
बॉलीवुड के किंग शाह रुख़ ख़ान भी साल 2013 में सरोगेसी की मदद से क्यूट अबराम के पिता बने। इससे पहले पत्नी गौरी से उन्हें दो बच्चे हैं आर्यन ख़ान और सुहाना ख़ान। अबराम अक्सर शाह रुख़ के साथ फ़िल्म के सेट्स पर स्पॉट किये जाते हैं।
सनी लियोनि और उनके पति डैनिल वेबर ने भी हाल ही में दो ट्विन्स बच्चों को सरोगेसी की मदद से ही पाया है। इससे पहले उन्होंने साल 2017 में बेटी निशा कौर वेबर को गोद लिया था। अपने ट्विन बेबी बॉयज का नाम सनी ने रखा अशेर सिंह वेबर और नोहा सिंह वेबर।
यह भी पढ़ें: सिंगर राहत फ़तेह अली ख़ान पर लगा विदेशी करंसी की स्मगलिंग का आरोप, ऐसा पहले भी कर चुके हैं
बॉलीवुड की मशहूर डायरेक्टर और कोरियोग्राफर फराह ख़ान ने भी IVF की मदद से तीन बेबीज़ को जन्म दिया था। बेटे कजार और बेटियां दीवा और आन्या आज उनकी आंखों के तारें हैं।
सरोगेसी और सिंगल पेरेंटिंग की लिस्ट में एकता, तुषार के अलावा करण जोहर भी शामिल हैं जिन्होंने साल 2017 की शुरुआत में अपने बच्चों यश और रूही के जन्म की खबर से सभीं को चौंका दिया था। करण ने खुद कहा था कि यश और रूही के आने के बाद उनकी ज़िन्दगी बहुत बदल गई है और अब उन्हें ज़िन्दगी से पहले से भी ज्यादा प्यार हो गया है।