बॉलीवुड की पिच पर दिलों का खेल, हीरोइनों की गुगली पर बोल्ड होते क्रिकेटर
लंच बॉक्स और एयरलिफ़्ट जैसी फ़िल्मों में अपनी बेहतरीन अदाकारी से प्रभावित करने वाली निमरत ने एक ट्वीट के ज़रिए इन ख़बरों को ग़लत बताया है।
मुंबई। बॉलीवुड एक्ट्रेसेज़ की अदाओं की गुगली पर क्रिकेटर्स क्लीन बोल्ड होते रहे हैं। अब भारतीय क्रिकेट टीम के कोच रवि शास्त्री और बॉलीवुड एक्ट्रेस निमरत कौर को लेकर ऐसी ही ख़बरें आ रही हैं। हालांकि दोनों ही सेलेब्रिटीज़ ने इन ख़बरों का अपने-अपने ढंग से कड़ा विरोध किया है।
लंच बॉक्स और एयरलिफ़्ट जैसी फ़िल्मों में अपनी बेहतरीन अदाकारी से प्रभावित करने वाली निमरत ने एक ट्वीट के ज़रिए इन ख़बरों को ग़लत बताया है। दिलचस्प बात यह है कि निमरत ने ऐसा करने में रवि शास्त्री और उनसे जुड़ी हुई ख़बर को छुआ भी नहीं है। बस इशारों में कह दिया कि आप जो कह रहे हैं, वो बिल्कुल ग़लत है। पढ़िए निमरत का ट्वीट-
Fact: I may need a root canal. Fiction: Everything else I read about me today. More facts: Fiction can be more hurtful, monday blues exist and I love ice cream. Here’s to trash free happy days ahead✌🏼✨ — Nimrat Kaur (@NimratOfficial) September 3, 2018
निमरत कहना चाह रही हैं कि तथ्य कुछ और होता है, मगर ख़बर कुछ अलग ही बना दी जाती है। तथ्य यह है कि निमरत को रूट कैनाल करवाना है। मगर, उनके बारे में जो कुछ कहा जा रहा है, वो सब फ़िक्शन है। वैसे रवि शास्त्री के जीवन में जो बॉलीवुड एक्ट्रेस सबसे पहले आयी थी, वो अमृता सिंह हैं। रवि जब पीक पर थे, तब वो अमृता सिंह के साथ रिलेशनशिप में रहे थे। दोनों ने इसे सार्वजनिक तौर पर स्वीकार भी किया था। हालांकि रिश्ता लंबा नहीं चला। बाद में अमृता सिंह ने सैफ़ अली ख़ान से शादी कर ली।
बहरहाल, जहां तक रवि और निमरत के बीच क्या संबंध हैं, इसके बारे में फ़िलहाल कुछ कह पाना मुश्किल है, मगर बॉलीवुड और क्रिकेट के बीच हमेशा से जो रिश्ता कायम रहा है, उससे भी ऐसी अफ़वाहों को बढ़ावा मिलता है। कभी क्रिकेट ने सिनेमा का दिल चुराया तो कभी सिनेमा ने क्रिकेट को अपना हमसफ़र बना लिया। विराट कोहली और अनुष्का शर्मा ने शादी करके बॉलीवुड और क्रिकेट के रिश्ते को गाढ़ा किया। हालांकि कुछ रिश्ते ऐसे भी रहे हैं, जो चर्चाओं में तो ख़ूब रहे, मगर शादी की मंज़ित तक नहीं पहुंच सके।
ज़हीर ख़ान ने कुछ दिन पहले सागरिका घाटगे को अपना हमसफ़र बना लिया, मगर इससे पहले वो काफ़ी लंबे अर्से तक एक्ट्रेस ईशा शरवनी के साथ रिलेशनशिप में रहे थे। 2011 के वर्ल्ड कप के दौरान दोनों के शादी करने की अफ़वाहें भी आयीं। इसीलिए जब दोनों के ब्रेकअप की ख़बरें आयीं तो फ़ैंस आश्चर्य हुआ था। हालांकि ज़हीर की बेटर हाफ़ भी बॉलीवुड एक्ट्रेस सागरिका घाटगे ही बनीं।
युवराज सिंह काफ़ी रंगीनमिज़ाज क्रिकेटर रहे हैं। करियर के शीर्ष पर उनका नाम दीपिका पादुकोण और किम शर्मा के साथ जुड़ चुका है। दीपिका के साथ युवी का नाम कुछ वक़्त के लिए जुड़ा, मगर किम के साथ उनकी रिलेशनशिप लंबी चली। हालांकि ये किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी। दिलचस्प बात ये है कि दो बॉलीवुड एक्ट्रेसेज़ के साथ रिलेशनशिप अधूरी रह जाने के बावजूद युवराज की जीवन संगिनी बॉलीवुड एक्ट्रेस हेजल की ही बनीं।
मलायका अरोरा ख़ान की छोटी बहन अमृता अरोरा का नाम इंग्लैंड के क्रिकेटर उस्मान अफ़ज़ल से जुड़ा था। उस्मान को फ़ैमिली फंक्शंस में भी अमृता के साथ स्पॉट किया गया था। हालांकि ये रिश्ता सालभर ही चला और दोनों अलग हो गये। बाद में अमृता ने शकील लड़क से शादी कर ली।
एक्ट्रेस नीना गुप्ता और लीजेंडरी क्रिकेटर सर विवियन रिचर्ड्स की कहानी सबसे अलग है। दोनों के बीच प्यार हुआ और बेटी मसाबा का जन्म हुआ। हालांकि नीना ने उनसे शादी नहीं की।
आज कल हार्दिक पांड्या ऐसे क्रिकेटर हैं, जो अपने दमदार खेल के अलावा अपनी स्टाइल और रंगीन मिज़ाजी के लिए भी जाने जाते हैं। हार्दिक का नाम अक्सर बॉलीवुड एक्ट्रेस से जुड़ जाता है। कुछ वक़्त पहले एली एव्राम और उर्वशी रौतेला से उनकी नज़दीकियों के चर्चे रहे थे। हालांकि यह चर्चाएं वक़्त के साथ ख़त्म हो गयीं।