Mom China Box Office: चीन में ख़ूब चल रही Sridevi की 'मॉम', 4 दिनों में बटोरे इतने करोड़
Mom China Box Office भारत में मॉम 7 जुलाई 2017 को रिलीज़ हुई थी और लगभग 36 करोड़ का कारोबार करके औसत रही थी। Sridevi की मुख्य भूमिका वाली आख़िरी और 300वीं रिलीज़ फ़िल्म थी।
मुंबई। श्रीदेवी की फ़िल्म Mom चीनी बॉक्स ऑफ़िस पर पकड़ बनाये हुए है। फ़िल्म ने रिलीज़ के चार दिनों में लगभग 50 करोड़ का कलेक्शन कर लिया है।
ट्रेड जानकारों के अनुसार मॉम ने सोमवार (13 मई) को 1.02 मिलियन डॉलर का कलेक्शन किया है। इसके साथ फ़िल्म का चार दिनों का कलेक्शन 7.02 मिलियन डॉलर हो चुका है, जो भारतीय मुद्रा में 49.41 करोड़ है। अनुमान है कि फ़िल्म पहले हफ़्ते में 10 मिलियन डॉलर तक का कारोबार कर सकती है। चीन में मॉम 10 मई को रिलीज़ हुई थी। फ़िल्म ने पहले दिन शुक्रवार को 1.68 मिलियन डॉलर, शनिवार को 2.22 मिलियन डॉलर और रविवार को 2.10 मिलियन डॉलर जमा किये थे। इस तरह ओपनिंग वीकेंड में ही मॉम ने 5.96 मिलियन डॉलर की कमाई कर ली थी, जिसे भारतीय मुद्रा में बदलने पर 41.81 करोड़ बैठती है।
जानकारों का दावा है कि चीन में फ़िल्म रानी मुखर्जी की पिछली रिलीज़ हिचकी से बेहतर प्रदर्शन कर रही है, जो पिछले साल अक्टूबर में चीन में रिलीज़ की गयी थी। भारत में मॉम 7 जुलाई 2017 को रिलीज़ हुई थी और लगभग 36 करोड़ का कारोबार करके औसत रही थी। रवि उद्यावर निर्देशित मॉम श्रीदेवी की मुख्य भूमिका वाली आख़िरी और 300वीं रिलीज़ फ़िल्म थी। हालांकि 2018 में रिलीज़ हुई ज़ीरो में वो स्पेशल एपीयरेंस में नज़र आयी थीं। ज़ीरो में श्रीदेवी के दृश्य उनकी मृत्यु से पहले शूट कर लिये गये थे।
2017 के फरवरी महीने में श्रीदेवी का दुबई के एक होटल में आकस्मिक निधन हो गया था। उनकी मृत्यु की वजह पानी में डूबना बताया गया था। मॉम के लिए श्रीदेवी को मरणोपरांत बेस्ट एक्ट्रेस का नेशनल फ़िल्म अवॉर्ड भी प्रदान किया गया था।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप