Milind Soman ने फिर किया हैरान, 54 साल की उम्र में सीखा यह काम, सोशल मीडिया में हो रही तारीफ़
Milind Soman Learns Driving at 54 मिलिंद ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया है जिसमें वो कार चलाते नज़र आ रहे हैं। इसकी ख़ुशी उनके चेहरे पर देखी जा सकती है।
नई दिल्ली, जेएनएन। 54 साल के मिलिंद सोमन अपनी फिटनेस से हैरान करते हैं। कभी मैराथन तो कभी किसी स्पोर्ट एक्टिविटी से मिलिंद ऐसे लोगों के लिए उम्मीद जगाते हैं, जो उम्र के पड़ाव पर थकान महसूस करते हैं। मिलिंद ने अब एक ऐसा काम किया है, जो उनकी उम्र के लोगों के लिए किसी प्रेरणा से कम नहीं।
मिलिंद ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें वो कार चलाते नज़र आ रहे हैं। सामान्य सा दिखने वाला यह वीडियो इसलिए ख़ास बन गया, क्योंकि मिलिंद ने कार ड्राइविंग हाल ही में सीखी है। इसकी ख़ुशी उनके चेहरे पर देखी जा सकती है। वीडियो में मिलिंद के साथ पत्नी अंकिता कुंवर भी नज़र आ रही हैं। अंकिता कहती हैं- हम लोग एक बेहद दिलचस्प जगह पर हैं। देखिए, कौन चला रहा है। लगभग 100 किमी प्रति घंटा की रफ़्तार है। ख़ूबसूरत जगह। आपको जल्द पता चलेगा।
इस वीडियो के साथ मिलिंद ने खुलासा किया- मेरी नई उपलब्धि। ज़्यादातर लोग 18 की उम्र में सीखते हैं, मैंने 54 साल में सीखा। कुछ नया सीखने के लिए कोई उम्र नहीं होती।
मिलिंद के इस वीडियो को ख़ूब पसंद किया जा रहा है। कई फॉलोअर्स ने लिखा है कि इससे उन्हें प्रेरणा मिली है। एक यूज़र ने लिखा कि वो 39 साल की हैं और कार चलाना नहीं जानती, लेकिन मिलिंद ने उन्हें प्रेरित किया है। मिलिंद अपनी फिटनेस के लिए मशहूर हैं। सलाना होने वाली मैराथन रेसों में वो भाग लेते हैं।
फिट रहने के लिए मिलिंद नियमित रूप से दौड़ते हैं। मिलिंद उस वक़्त भी सुर्ख़ियों में रहे थे, जब उन्होंने ख़ुद से आधी उम्र की अंकिता से शादी की थी। अंकिता के साथ वो अक्सर इंस्टाग्राम पर अपनी तस्वीरें शेयर करते हैं।
अंकिता और मिलिंद की शादी 2018 के अप्रैल महीने में महाराष्ट्रियन रीति-रिवाज़ से हुई थी। इसके कुछ महीने बाद दोनों ने स्पेन में अपने रिश्ते को पक्का किया। मिलिंद ने इससे पहले एक्ट्रेस माइलीन जम्पानोई के साथ शादी की थी, जिनसे वो 2006 में आयी वैली ऑफ़ फ्लॉवर्स के सेट पर मिले थे।