Met Gala 2020: मेट गाला हुआ कैंसिल, तो घर पर ही इस तरह तैयार हुईं प्रियंका चोपड़ा
कोरोना वायरस महामारी की वजह से पूरी दुनिया लगभग लॉकडाउन है। इस वजह से कई बड़े इवेंट्स और टूर्नामेंट कैंसिल हो गए जिनमें मेट गाला भी शामिल था।
नई दिल्ली, जेएनएन। कोरोना वायरस महामारी की वजह से पूरी दुनिया लगभग लॉकडाउन है। इस वजह से कई बड़े इवेंट्स और टूर्नामेंट कैंसिल हो गए जिनमें 'मेट गाला' भी शामिल था। लेकिन इस साल मेट गाला को वर्चुअली आयोजित किया गया। सोमवार को इसकी लाइव स्ट्रीमिंग वोग के यूट्यूब चैनल पर की गई। इसमें पुराने कई यादगार रेड कारपेट मेट गाला को दिखाया गया। लेडी गागा, सारा जेसिका पार्कर से लेकर प्रियंका चोपड़ा-निक जोनस के फैशन पलों को भी दिखाया गया। वैसे प्रियंका पिछले कुछ अर्से से निक जोनस के साथ मेट गाला का हिस्सा बनती आई हैं।
मेट गाला में इस बार की थीम थी 'अबाउट टाइम : फैशन और ड्यूरेशन'। इसमें 1870 से लेकर वर्तमान की फैशन जर्नी को प्रदर्शित करना था। प्रियंका इस बार मेट गाला के रेड कारपेट पर तो नहीं चल पाईं, लेकिन वो इसके लिए तैयार जरूर हुईं। और उन्हें तैयार किया एक नन्ही मेकअप आर्टिस्ट ने। प्रियंका ने तैयार होने के बाद अपने इंस्टाग्राम पर कुछ फोटो भी पोस्ट कीं जिनमें नन्ही मेकअप आर्टिस्ट उनका मेकअप करती दिख रही हैं।
यह मेकअप आर्टिस्ट कोई और नहीं, बल्कि उनकी करीबी दोस्त दिव्या ज्योति की बेटी कृष्णा हैं। इन दिनों वह प्रियंका के घर पर हैं। कुछ दिन पहले भी प्रियंका ने कृष्णा के साथ सोफे पर लेटकर एक्सरसाइज करते हुए वीडियो पोस्ट की थी। अब उन्होंने जो तस्वीरें पोस्ट की हैं, वे बहुत ही प्यारी हैं। एक तस्वीर में कृष्णा प्रियंका का मेकअप कर रही हैं। दूसरी तस्वीर में प्रियंका मेकअप पूरा हो जाने पर कैमरे की तरफ देखकर पोज दे रही हैं। एक और तस्वीर में कृष्णा प्रियंका के सिर पर ताज पहना रही हैं। प्रियंका इस तस्वीर में कुछ वैसी प्रतिक्रिया दे रही हैं, जो उन्होंने मिस वर्ल्ड बनते वक्त दी थी।
इन तस्वीरों के साथ प्रियंका ने लिखा, 'मई का पहला सोमवार और इसकी थीम है प्रिटी प्रिटी प्रिसेंस'। थीम का जिक्र शायद प्रियंका ने इसलिए किया है, क्योंकि चार मई से 'मेट गाला' शुरू होने वाला था। जो कि लॉकडाउन की वजह से नहीं हो सका। 72 सालों में ऐसा पहली बार हुआ था जब मेट गाला वर्चुअली आयोजित किया गया हो।