नई दिल्ली, जेएनएन। बॉलीवुड में इन दिनों स्पोर्ट्स फ़िल्मों का सीज़न चल रहा है। अब अजय देवगन (Ajay Devgn) भी इस रेस में शामिल हो गये हैं। अजय की पहली स्पोर्ट्स फ़िल्म मैदान (Maidaan) फुटबॉल के खेल पर आधारित है। अजय ने फ़िल्म की शूटिंग शुरू कर दी है। फ़िल्म में अजय के साथ दक्षिण भारतीय फ़िल्मों की जानी-मानी अदाकार कीर्ति सुरेश (Keerthy Suresh) हैं, जिन्होंने 2018 की बेस्ट एक्ट्रेस के लिए इस साल नेशनल फ़िल्म अवॉर्ड (National Film Award) जीता है। फ़िल्म के लिए जाह्नवी कपूर ने पिता बोनी कपूर को बधाई दी है, जो इसके सह-निर्माता हैं।
अजय देवगन की यह पहली स्पोर्ट्स फ़िल्म होगी। मैदान एक पीरियड फ़िल्म है, जिसमें 1952 से लेकर 1962 तक के दौर को दिखाया जाएगा। इसे फुटबॉल प्रेमी गोल्डन एरा के नाम से जानते हैं। इस दौरान भारत ने फुटबॉल के खेल में कई ऊंचाइयों को छुआ था। अजय देवगन ने फ़िल्म का फ़र्स्ट लुक जारी किया है और इसके साथ शूटिंग शुरू होने की जानकारी दी है।
मैदान से कीर्ति सुरेश बॉलीवुड में डेब्यू करेंगी। कीर्ति ने अपनी तमिल-तेलुगु फ़िल्म महंती के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का नेशनल अवॉर्ड जीता है। उन्होंने इस बायोपिक फ़िल्म में एक्ट्रेस सावित्री का रोल निभाया था। मैदान का निर्देशन अमित आर शर्मा कर रहे हैं, जिन्होंने बधाई हो जैसी कामयाब फ़िल्म का डायरेक्शन किया था, जिसे नेशनल अवॉर्ड फ़िल्म मिला है। बोनी कपूर मैदान के सह-निर्माता हैं। जाह्नवी कपूर ने नये वेंचर के लिए पिता बोनी कपूर और टीम को बधाई दी है।
दिलचस्प पहलू यह है कि अजय देवगन ख़ुद राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार विजेता कलाकार हैं और डायरेक्टर अमित आर शर्मा की फ़िल्म को भी राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार मिला है। ऐसे में मैदान नेशनल फ़िल्म अवॉर्ड विजेताओं की फ़िल्म बन गयी है। इसके अलावा अजय देवगन की तानाजी और भुज- द प्राइड ऑफ़ इंडिया भी पाइपलाइन में हैं। इत्तेफ़ाक़ से ये दोनों भी पीरियड ड्रामा फ़िल्में हैं।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप
1952 से 2019 तक इन राज्यों के विधानसभा चुनाव की हर जानकारी के लिए क्लिक करें।