Laal Singh Chaddha: आमिर ख़ान ने दिया सरप्राइज़, लोगो की पहली झलक दिखा बताई रिलीज़ डेट
Laal Singh Chaddha Motion Poster लाल सिंह चड्ढा के किरदार में आमिर ख़ान को देखना काफ़ी दिलचस्प होगा। आमिर अपने किरदारों से लगातार प्रयोग कर रहे हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान के बाद आमिर ख़ान लाल सिंह चड्ढा से बड़े पर्दे पर लौटेंगे। आमिर ने आधिकारिक रूप से फ़िल्म की रिलीज़ डेट का एलान कर दिया है। इसके लिए एक मोशन पोस्टर जारी किया है।
आमिर ख़ान ने मोशन पोस्टर शेयर करने के साथ लिखा है- क्या पता हम में है कहानी, या हैं कहानी में हम। मोशन पोस्टर में खुले नीले आसमान में एक पंख उड़ते हुए दिखाया गया है और रिलीज़ डेट बतायी गयी क्रिसमस 2020। फ़िल्म को अद्वैत चंदन निर्देशित कर रहे हैं, जो इससे पहले आमिर ख़ान के लिए सीक्रेट सुपरस्टार बना चुके हैं। सीक्रेट सुपरस्टार कमर्शियली और क्रिटकली सफल फ़िल्म थी। लाल सिंह चड्ढा हॉलीवुड फ़िल्म फॉरेस्ट गम्प का रीमेक नहीं है, बल्कि इससे प्रेरित है।
Kya pata hum mein hai kahani,
ya hai kahaani mein hum... pic.twitter.com/mDMA21J51z— Aamir Khan (@aamir_khan) November 6, 2019
फॉरेस्ट गम्प 1994 में आयी थी, जिसका निर्देशन रॉबर्ट ज़ेमेकिस ने किया था। टॉम हैंक्स ने फ़िल्म में लीड रोल निभाया था। फ़िल्म 1986 में आये विंस्टन ग्रूम के नॉवल पर आधारित थी। फ़िल्म की कहानी एक ऐसे शख्स के इर्द-गिर्द घूमती है, जो स्लो-विटेड यानि अधिक चालाक नहीं है, मगर दिल का साफ़ है।
लाल सिंह चड्ढा में करीना कपूर फीमेल लीड रोल में हैं, जो 2012 की फ़िल्म तलाश के बाद आमिर के साथ रीयूनाइट हो रही हैं। इससे पहले हिंदी सिनेमा की आइकॉनिक फ़िल्म 3 इडियट्स में करीना आमिर के साथ नज़र आ चुकी थीं।
लाल सिंह चड्ढा के किरदार में आमिर ख़ान को देखना काफ़ी दिलचस्प होगा। आमिर अपने किरदारों से लगातार प्रयोग कर रहे हैं। 3 इडियट्स, पीके, दंगल जैसी फ़िल्मों के ज़रिए आमिर ख़ान ने अपनी एक्टिंग की रेंज दिखायी है। इस बीच धूम 3 और ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान जैसी फ़िल्में भी कीं। 2018 में आयी ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान उम्मीदों के मुताबिक नहीं चली। पिछले कुछ सालों में आमिर ख़ान की यह सबसे बड़ी असफलता है।
ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान में अमिताभ बच्चन, फ़ातिमा सना शेख़ और कटरीना कैफ़ ने मुख्य भूमिकाएं निभायी थीं। अब लाल सिंह चड्ढा से एक बार फिर उम्मीद की जा रही है कि आमिर अपने फैंस को क्रिसमस का बेहतरीन तोहफ़ा देंगे।