इंडियन आइडल के गीतकार स्पेशल एपिसोड में पहुंचे कुमार विश्वास, जमाया रंग
सोनू निगम ने कहा कि इंडियन आइडल में ऐसा रंग पहले कभी नहीं दिखा जो कुमार विश्वास अपने साथ लेकर आए हैं।
मुंबई। देश में गायकी के हुनर को एक बड़ा मंच देता इंडियन आइडल का शो काफी पॉपुलर है। वर्तमान में शो का नौवां सीज़न ऑनएयर है। जैसा कि आप जानते हैं सोनी टीवी के इस रियल्टी शो में सोनू निगम, फराह ख़ान, अनु मल्लिक जैसे सेलिब्रिटी जज देश भर से चुने गए सिंगर्स के टैलेंट को परखते हैं। बाद में वोटिंग के जरिये विनर्स चुने जाते हैं! इस सप्ताह शो में गीतकार स्पेशल एपिसोड होना है। जिसमें जज के रूप में चर्चित कवि कुमार विश्वास पहुंचे।
कुमार विश्वास आज एक कवि के रूप में युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हैं। पॉलिटिक्स में भी वो काफी सक्रिय हैं। हाल ही में एक न्यूज़ चैनल पर हमने उन्हें एंकर के रूप में भी देखा है। इंडियन आइडल के मंच पर भी उनका वही जादू देखने को मिला। सोनू निगम ने कहा कि इंडियन आइडल में ऐसा रंग पहले कभी नहीं दिखा जो कुमार विश्वास अपने साथ लेकर आए हैं। कुमार विश्वास भी इस मौके पर काफी उत्साहित और भावुक नज़र आए। कुमार ने कहा कि- यह उनका सौभाग्य है कि संगीत के इतने बड़े मंच पर गीतकार स्पेशल एपिसोड के लिए उन्हें आमंत्रित किया गया जहां इस शो में साहिर, मज़रूह सुल्तानपुरी जैसे तमाम गीतकारों से लेकर गुलज़ार तक के गीतों को ट्रीब्यूट दिया गया है।
इसे भी पढ़ें: रोंगटे खड़े कर देंगी सोनम कपूर की ये बातें, 13 साल की थीं तब अंधेरे में किसी ने...
कुमार ने यह भी बताया कि इस स्पेशल एपिसोड में कई फनी मोमेंट्स हैं और यह एपिसोड पूरी तरह से गीत, हास्य, परिहास और हिंदी की महफ़िल रही। यह एपिसोड आज (शनिवार) रात आठ बजे सोनी टीवी पर प्रसारित किया जाएगा।