'कंगना रनोट खुलेआम मार काट की बात कर रही हैं, फिर भी कोई कानून लागू नहीं होता है'-एक्ट्रेस पर इस अभिनेता का बड़ा बयान
बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री कंगना रनोट इन दिनों अपने विवादित बयानों को लेकर चर्चा में हैं। भारत की आजादी और महात्मा गांधी पर विवादित बयान देने के बाद अब उन्होंने देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और सिख समुदाय को लेकर बयान दिया है।
नई दिल्ली, जेएनएन। बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री कंगना रनोट इन दिनों अपने विवादित बयानों को लेकर चर्चा में हैं। भारत की आजादी और महात्मा गांधी पर विवादित बयान देने के बाद अब उन्होंने देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और सिख समुदाय को लेकर बयान दिया है। जिसको लेकर गांधी परिवार और सिख समुदाय काफी नाराज है। इतना ही नहीं कंगना रनोट के खिलाफ कई जगहों पर पुलिस में शिकायत दर्ज हो चुकी है।
इन सबके बीच अब अभिनेता केआरके (कमाल आर खान) ने कंगना रनोट की गिरफ्तार की मांग की है। केआरके उन बॉलीवुड सितारों में से एक हैं जो सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते हैं। वह इसके जरिए बॉलीवुड से जुड़े मुद्दों के अलावा सामाजिक और राजनीति विषयों पर भी अपनी राय देते रहते हैं। केआरके ने कंगना रनोट पर आरोप लगाया है कि वह खुलआम मार-काट की बात करती हैं।
यह बात केआरके ने ट्विटर अकाउंट के जरिए कही है। उन्होंने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर लिखा, 'कंगना रनोट खुलेआम मार काट और नरसंहार की बात कर रही हैं, फिर भी कोई कानून नहीं है जो कंगना पर लागू होता हो। ऐसा कैसे ? कोई और ऐसा पोस्ट करता तो अब तक जेल में होता। कानून सब पर लागू क्यों नहीं होता है ?' अपने इस ट्वीट पर केआरके ने मुंबई और पंजाब पुलिस को टैग किया है।
सोशल मीडिया पर कंगना रनोट के लिए किया केआरके का यह ट्वीट तेजी से वायरल हो रहा है। अभिनेता और अभिनेत्री के फैंस के उनके इस ट्वीट पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। आपको बता दें कि 19 नवंबर को कांग्रेस नेता और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती के अवसर पर एक इंस्टा स्टोरी शेयर की। उन्होंने लिखा, 'पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने उन्हें अपने जूते के नीचे 'मच्छरों की तरह' कुचल दिया था। इसको कथित तौर पर पूरे सिख समुदाय को खालिस्तानी आतंकवादी के रूप में दिखाया जा रहा है।
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक अकाली दल के नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने एक्ट्रेस के खिलाफ उनकी टिप्पणी के लिए मामला दर्ज करवाया है। दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधन समिति (जिसके सिरसा अध्यक्ष हैं) ने कहा कि हाल ही में एक पोस्ट में, कंगना ने पहले जानबूझकर किसान के आंदोलन को खालिस्तानी आंदोलन बताया है और उसके बाद उन्होंने सिख समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक और अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया। कंगना के खिलाफ ये शिकायत मंदिर मार्ग थाने में साइबर प्रकोष्ठ में दर्ज हुई है।