KBC के नाम पर पाकिस्तानी ऐसे लूट रहे हैं पैसा, रक्षा मंत्रालय को जारी करनी पड़ी ये एडवाइजरी
Kaun Banega Crorepati विदेश मंत्रालय ने जानकारी दी है कि पाकिस्तान के कुछ लोग कौन बनेगा करोड़पति के नाम पर लोगों को जाल में फंसा रहे हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। कौन बनेगा करोड़पति की लोकप्रियता भारत में ही नहीं, विदेश में भी है। हालांकि, पड़ोसी देश पाकिस्तान में तो इस शो के नाम पर धोखाधड़ी की जा रही। भारतीय सुरक्षा एजेंसियों को मिली जानकारी के अनुसार, कौन बनेगा करोड़पति के नाम पर पाकिस्तानी सोशल मीडिया अकाउंट लोगों को अपने जाल में फंसाने की कोशिश कर रहे हैं। इन अकाउंट्स के जरिए लोगों को गुमराह किया जा रहा है।
समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, रक्षा मंत्रालय की ओर से एक एडवाइजरी जारी की गई है। इस एडवाइजरी के अनुसार, पाकिस्तानी लोगों की ओर से केबीसी के फर्जी व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने को कहा जा रहा है और फिर इसमें गेम शो से जुड़े फर्जी मैसेज भेजे जाते हैं। साथ ही इन ग्रुप के माध्यम से लोगों को फंसाने की कोशिश की जा रही है।
एडवाइजरी में दो पाकिस्तानी नंबर्स के बारे में भी बताया गया है, जो वॉट्सऐप ग्रुप की मदद से लोगों को फंसाने की कोशिश कर रहे हैं। साथ ही कहा गया है कि जो भी इन ग्रुप के सदस्य हैं, वो जल्द से जल्द इन ग्रुप्स को एग्जिट कर दें। वहीं भारत में अन्य ग्रुप या लोगों के माध्यम से भी केबीसी के नाम पर ठगी की जा रही है।
कई बार शो के बीच में इसकी घोषणा हो चुकी है केबीसी ऐसे लोगों के खिलाफ है और कई लोग पैसे लेकर केबीसी में भेजने या पैसे दिलाने का दावा करते हैं। ऐसे में आपसे निवेदन है कि आप इन ठगों से बचे और अगर आप केबीसी की हॉट सीट पर नहीं पहुंच पाए हैं तो आप सिर्फ सोनी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ही नियमों का पालन करते हुए प्ले अलॉन्ग खेल सकते हैं।
कैसे खेलें...
इसके लिए सबसे पहले Sony LIV APP पर लॉगइन करें। आप इस ऐप एप्पल या एंड्राइड सिस्टम में डाउनलोड कर सकते हैं और उसके बाद कौन बनेगा करोड़पति आइकॉन पर क्लिक करें और उसके बाद तय प्रक्रिया के अनुसार गेम खेलना शुरू कर दें। बता दें कि कौन बनेगा करोड़पति 11 का प्रसारण सोमवार से शुक्रवार तक रात 9 बजे सोनी टीवी पर होगा।