'लव आज कल' के बाद नई एक्शन फ़िल्म की तैयारी में जुटे कार्तिक आर्यन, शेयर किया वीडियो
लव आजकल के बाद अभी कार्तिक दो और फ़िल्म भी पाइपलाइन में हैं। वहीं कार्तिक ने ओम राउत के साथ एक्शन फ़िल्म की घोषणा की है। साथ ही साथ एक वीडियो भी शेयर किया है।
नई दिल्ली,जेएनएन। कार्तिक आर्यन की फ़िल्म 'लव आज कल' इस वक्त थिएटर्स में चल रही है। वहीं, कार्तिक दूसरी फ़िल्म की तैयारी में जुट गए हैं। वह अपना जॉनर और इमेज दोनों ही भी बदलने को इच्छुक नज़र आ रहे हैं। दरअसल, कार्तिक ने अपने नए प्रोजेक्ट के बारे में घोषणा की है। वह डायरेक्टर ओम राउत के साथ एक्शन फ़िल्म कर रहे हैं। इसकी जानकारी उन्होंने खुद सोशल मीडिया के जरिए दी है।
कार्तिक ने एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा, 'एक्शन फ़िल्म मिली नहीं कि उछल-कूद चालू।' इस वीडियो में कार्तिक फ्लिप करते नजर आ रहे हैं। उन्होंने ट्वीट में ओम राउत को टैग किया है। इस फ़िल्म को लेकर कार्तिक ने टाइम्स ऑफ़ इंडिया से बात भी की। उन्होंने कहा कि मैं सच में उत्साहित हूं। यह एक एक्शन फ़िल्म है और ऐसे मैं पहली बार करने जा रहा हूं। इससे पहले सिल्वर स्क्रीन पर मैंने ऐसा कुछ भी नहीं किया।
Action Film mili nahi ki uchhal kud shuru 🙃
Ra ra ra ra ra ra ra Raut... 🎶 🔥
@omraut ✅ pic.twitter.com/tBM0L39qEr— Kartik Aaryan (@TheAaryanKartik) February 18, 2020
अभी इस फ़िल्म कोई भी ऑफ़िशियल टाइटल सामने नहीं आया है। हालांकि, फ़िल्म एक चोरी पर आधारित ड्रामा होगी। 'लव आज कल' के बाद अभी कार्तिक की दो और फ़िल्में भी पाइपलाइन में हैं। इनमें अनीस बज़्मी डायरेक्टेड 'भूल भुलैया 2' शामिल है। वहीं, कार्तिक 'दोस्ताना 2' शूट कर रहे हैं, जो अभिषेक बच्चन, जॉन अब्राहम और प्रियंका चोपड़ा स्टारर दोस्ताना का सीक्वल है।
वहीं, अगर ओम राउत की बात करें, तो उन्होंने हाल ही में 'तानाजी द अनसंग वॉरियर' को निर्देशित किया है। बतौर डायरेक्टर हिंदी सिनेमा में उनका डेब्यू था। अजय देवगन, सैफ़ अली ख़ान और काजोल स्टारर इस फ़िल्म को बॉक्स ऑफ़िस पर काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिला।
ट्रेड विशेषज्ञ तरण आदर्श के मुताबिक, फ़िल्म अब तक 272 करोड़ का बिजनेस कर चुकी है। फ़िल्म के 3डी एक्शन को काफी तारीफ़ भी मिल रही है। अब दर्शकों को कार्तिक आर्यन और ओम राउत की जोड़ी का बेसब्री से इंतज़ार होगा। हालांकि, अभी तक इसकी रिलीज़ डेट की घोषणा भी नहीं हुई है। ना ही यह सामने आया है कि कार्तिक आर्यन के अपोज़िट किसे कास्ट किया गया है।