करिश्मा-करीना ने मिलकर मनाया था पापा रणधीर कपूर का बर्थडे, इस वजह से फिर चर्चा में
तस्वीरें देखकर यह समझा जा सकता है कि कपूर खानदान ने परिवार के अपने सबसे सम्मानित सदस्य का जन्मदिन बहुत अच्छे से सेलिब्रेट किया।
मुंबई। 15 फरवरी को राज कपूर के तीनों एक्टर बेटों में से सबसे बड़े रणधीर कपूर का बर्थडे मनाया गया था। इस मौके पर सारे कपूर खानदान ने मिलकर एक ज़बरदस्त पार्टी की। इस पार्टी की तस्वीरें देखकर आप इनके जश्न का अंदाजा लगा सकते हैं। करिश्मा कपूर और करीना कपूर ख़ान इन दोनों बहनों ने मिलकर अपने पापा का बर्थडे सेलिब्रेट किया!
पार्टी के दौरान इन तस्वीरों में करिश्मा कपूर के हाथ में आप जो बैग देख रहे हैं, करिश्मा इस बैग की कीमत को लेकर अभी चर्चा में है। कहा जा रहा है कि यह बैग दो लाख रुपये का है! ज़ाहिर है करिश्मा एक सफल अभिनेत्री रही हैं और ऐसे में दो लाख रुपये के हैंडबैग का इस्तेमाल करना उनके लिए कौन सी बड़ी बात है? इन सबके बीच रणधीर कपूर के बर्थडे के बारे में आप जानते ही हैं कि इस साल रणधीर कपूर 71 साल के हो गए हैं। आज की पीढ़ी उन्हें करिश्मा कपूर और करीना कपूर के पिता के रूप में जानती हैं तो पुराने लोग उन्हें राज कपूर के बेटे और पृथ्वी राज कपूर के पोते के रूप में भी पहचानते हैं। लेकिन, इसके अलावा उनकी बड़ी पहचान उनके अभिनय से भी रही है। राज कपूर की फ़िल्म ‘श्री 420’ से बतौर बाल कलाकार अपना फ़िल्मी पारी शुरू करने वाले रणधीर कपूर ने ‘दो उस्ताद’, ‘कल आज और कल’, ‘हमराही’, 'चाचा भतीजा' जैसी कई हिट फ़िल्में दी हैं। बहरहाल, इस तस्वीर में आप रणधीर कपूर को बड़ी बेटी करिश्मा और पत्नी बबीता के साथ देख सकते हैं। करिश्मा के साथ में जो बैग नज़र आ रहा है, उसी बैग के कीमत की चर्चा हो रही है !
यह भी पढ़ें: इंडस्ट्री में 49 साल के हुए अमिताभ बच्चन, जानिए उनके 10 सुपरहिट डायलॉग्स
पापा के बर्थडे पार्टी में करिश्मा अपने दोनों बच्चों संग पहुंची थीं। आप देख सकते हैं करिश्मा इस ड्रेस में कितनी स्टाइलिश लग रही हैं, साथ ही उनका बैग भी काफी बढ़िया लग रहा है !
सैफ़ अली ख़ान और तैमूर तो इस पार्टी में नहीं दिखे थे लेकिन, करीना कपूर ख़ान अपने पिता के जन्मदिन की पार्टी में पूरे टशन के साथ मौजूद रहीं।
रणधीर कपूर से छोटे उनके भाई और अभिनेता ऋषि कपूर भी अपनी पत्नी नीतू सिंह संग इस पार्टी में मौजूद थे।
इसके अलावा कपूर भाइयों में सबसे छोटे राजीव कपूर भी अपने भैया के जन्मदिन के मौके पर अपने परिजनों संग पहुंचे।
रणधीर कपूर ने बतौर एक्टर ही नहीं निर्देशक के रूप में भी बहुत काम किया है। ‘हीना’ उनके ही निर्देशन में बनी आख़िरी फ़िल्म थी। बहरहाल, आप देख सकते हैं ऋषि कपूर, रणधीर कपूर और राजीव कपूर की बहन रीमा कपूर भी इस पार्टी में मौजूद थीं!
यह भी पढ़ें: कामयाबी और दर्द की दास्तान है 'मुगल-ए-आज़म' की अनारकली मधुबाला की ज़िंदगी
तस्वीरें देखकर यह समझा जा सकता है कि कपूर खानदान ने परिवार के अपने सबसे सम्मानित सदस्य का जन्मदिन बहुत अच्छे से सेलिब्रेट किया। ख़ास कर रणधीर कपूर की दोनों बेटियां- करिश्मा और करीना ने।