कंगना रनौत की फिल्म धाकड़ के प्रोड्यूसर को पड़ा दिल का दौरा, मुंबई के नानावती अस्पताल में भर्ती
कंगना रनौत की फिल्म धाकड़ के प्रोड्यूसर सोहेल मकलई को दिल का दौरा पड़ा है। हार्ट अटैक आने के बाद सोहेल मकलई को मुंबई के नानावती अस्पताल में भर्ती कराया गया।
नई दिल्ली, जेएनएन। कंगना रनौत की फिल्म धाकड़ के प्रोड्यूसर सोहेल मकलई को दिल का दौरा पड़ा है। हार्ट अटैक आने के बाद सोहेल मकलई को मुंबई के नानावती अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनकी एंजियोप्लास्टी की गई है। सर्जरी के बाद सोहेल अभी आईसीयू में हैं।
सुबह पड़ा दिल का दौरा
स्पॉट ब्वॉय की रिपोर्ट के मुताबिक सोहेल मकलई की हालत अब स्थिर बताई जा रही है। उन्होंने कुछ देर पहले अपनी बेटी और पत्नी से बात की है। आज सुबह ही सोहेल को दिल का दौरा पड़ने की खबर आई है। तब उनकी हालत काफी नाजुक थी। बताया जा रहा है कि जांच के बाद कई ब्लाकेज का पता चला। इसलिए सर्जरी जरूरी थी। सर्जरी के दौरान सोहेल मकलई के हार्ट से कई ब्लाकेज हटाए गए हैं। इलाज के बाद सोहेल की तबीयत पहले से बेहतर है। सोहेल काफी समय से बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े हुए हैं। उन्होंने दस, नॉक आउट और कैश जैसी फिल्में बनाई हैं।
काफी महात्वाकांक्षी प्रोजेक्ट है धाकड़
धाकड़ की बात करें तो यह काफी बड़ा और महंगा प्रोजेक्ट है। जब से यह फिल्म फ्लोर पर आई है, तब से सोहेल काफी जोश से इसमें जुटे हुए हैं। कंगना रनौत भी धाकड़ को लेकर काफी उत्साहित हैं। इस फिल्म में वह एक जासूस का किरदार निभा रही हैं। कुछ दिनों पहले इसका टीजर सामने आया था। यह एक्शन से भरपूर फिल्म लग रही है। कंगना रनौत टीजर में मशीन गन लिए जंग लड़ती दिखाई दे रही हैं और उनका चेहरा खून से लतपथ है रजनीश 'रैजी' घई धाकड़ को निर्देशित कर रहे हैं। कंगना की आने वाली दूसरी फिल्मों की बात करें तो बॉलीवुड की क्वीन 'थलाईवी' और 'पंगा' जैसी फिल्मों में भी नज़र आएंगी।