62 के हुए कमल हासन, एक्टिंग ही नहीं भरतनाट्यम और कराटे में भी हैं मास्टर
कमल हासन का नाम सिनेमा जगत में एक्टर, डायरेक्टर, कोरियोग्राफर, सिंगर, स्क्रिप्ट राइटर जैसी विधाओं के लिए भी जाना जाता है। यही कारण है कि कमल हासन को तीन राष्ट्रीय पुरस्कार और 19 फिल्मफेयर अवॉर्ड्स मिल चुके हैं।
नई दिल्ली। आज कमल हासन का जन्मदिन है, वह अपना 62 वां जन्मदिन मना रहे हैं। साउथ से लेकर बॉलीवुड तक हासन को उनकी बेहतरीन अदाकारी के लिए जाना जाता है। कमल हासन उन चुनिंदा एक्टर्स में से हैं, जिन्होंने एक से ज्यादा भाषाओं की फिल्मों में काम किया। वह तमिल के साथ-साथ मलयालम, हिंदी, तेलुगू, कन्नड़ और एक बंगाली भाषा की फिल्म में भी काम कर चुके हैं।
कई सीरियस अफेयर के बावजूद आज हैं अकेले...!
इसे इत्तेफाक ही कहेंगे कि कमल हासन ने अपना फिल्मी करियर 4 साल की उम्र में शुरू किया था और उनके जीवन में सीरियस अफेयर की संख्या भी 4 ही रही है। कमल हासन ने अपने करियर की शुरुआत में कई फिल्में साउथ की एक्ट्रेस श्रीविद्या के साथ की। 1970 में दोनों के रिलेशनशिप को लेकर कई तरह की खबरें आईं। मगर इसके बावजूद कमल ने साल 1978 में वाणी गणपति से शादी की। दस साल बाद दोनों के बीच तलाक हो गया। इसके बाद कमल ने एक्ट्रेस सारिका के साथ लिवइन में रहना शुरू कर दिया। बाद में दोनों ने शादी की। इनकी दो बेटियां श्रुति और अक्षरा हासन हैं। साल 2002 में सारिका और कमल हासन ने तलाक की अर्जी दी। 2004 में दोनों अलग हो गए। इसका कारण हासन का अपनी को-स्टार सिमरन बग्गा के साथ चल रहा अफेयर था। सिमरन उस दौरान कमल से 22 साल छोटी थीं। यह रिश्ता भी जल्द ही खत्म हो गया। सिमरन ने अपने बचपन के दोस्त से शादी कर ली। इसके बाद हासन का रिश्ता एक्ट्रेस गौतमी तड़ीमाला के साथ जुड़ गया। दोनों ने 1990 के दशक में कई फिल्में साथ की। मगर बीते दिनों ही गौतमी ने कमल हासन से अलग होने की पुष्टि अपने ब्लॉग पर की। 13 साल बाद दोनों ने अपना रिश्ता खत्म कर लिया।
गौतमी से भी अलग होने जा रहे कमल हासन, 13 साल से थे साथ
एक्टिंग ही नहीं भरतनाट्यम और कराटे में भी मास्टर
कमल हासन एक मल्टी टैलेंटेड एक्टर हैं। हासन ने एक्टिंग की शुरुआत करने के बाद 9 साल का लंबा ब्रेक लिया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा के साथ कराटे, भारत नाट्यम, अभिनय जैसी विधाओं में प्रशिक्षण लिया। फिर फिल्मों में वापसी की। हिंदी फिल्मों में हासन को 'अप्पू राजा', 'सदमा', 'हे राम', 'विश्वरुपम', 'चाची 420' जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है।
पद्मश्री, पद्म भूषण, तीन नेशनल अवार्ड और 19 फिल्मफेयर
कमल हासन का नाम सिनेमा जगत में एक्टर, डायरेक्टर, कोरियोग्राफर, सिंगर, स्क्रिप्ट राइटर जैसी विधाओं के लिए भी जाना जाता है। यही कारण है कि कमल हासन को तीन राष्ट्रीय पुरस्कार और 19 फिल्मफेयर अवॉर्ड्स मिल चुके हैं। भारत सरकार की ओर से हासन को पद्मश्री और पद्म भूषण जैसे सम्मानों से भी नवाजा जा चुका है।
शाबाश नायडु में पहली बार बेटी श्रुति संग आएंगे नजर
फिलहाल कमल हासन अपनी बेटी श्रुति हासन के साथ फिल्म शाबाश नायडु में व्यस्त हैं। जल्द ही बड़े परदे पर उनकी वापसी होगी। यह पहला मौका होगा जब श्रुति और कमल किसी प्रोजेक्ट पर साथ काम करेंगे। हमें उम्मीद है कि कमल हासन इसी तरह हमारा मनोरंजन करते रहेंगे।