जानें- कौन हैं रेवती रॉय, जिनपर फिल्म बनाने जा रहे हैं जॉन अब्राहम
Biopic on Revathi Roy एक्टर जॉन अब्राहम अब रेवती रॉय की बायोपिक बनाने जा रहे हैं जिन्होंने महिलाओं के उत्थान के लिए कई कार्य किए हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। बॉलीवुड में बायोपिक का सिलसिला लगातार जारी है और अब इस लिस्ट में एक और फिल्म जुड़ने वाली है। अब अभिनेता जॉन अब्राहम जानी-मानी सामाजिक उद्यमी रेवती रॉय के जीवन पर बनाने जा रहे हैं और अभिनेता ने इसकी घोषणा कर दी है। जॉन अब्राहम कई दूसरे प्रोडक्शन हाउस के साथ मिलकर फिल्म बना रहे हैं।
फिल्म का निर्माण जॉन अब्राहम के जे.ए. एंटरटेनमेंट, रॉबी ग्रेवाल के रेड आइस फिलम्स और अनिल बोहरा के व्याका एंटरटेनमेंट के द्वारा की जाएगी। ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने भी ट्विटर के जरिए इस बात की जानकारी दी है। समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, जॉन अब्राहम ने कहा कि वह इस अद्भुत एवं रोमांचक शख्सियत की कहानी का निर्माण करने को लेकर उत्साहित हैं।
उन्होंने कहा कि रेवती की कहानी एक उत्साही महिला की कहानी है, जो तमाम परेशानियों के बावजूद कमजोर महिलाओं को सशक्त बनाने में जुटी रहीं। वहीं रेड आइस फिलम्स के रॉबी ने भी कहा कि एक वीर एवं साहसी महिला की कहानी बयां कर पाना गौरव की बात है। आपको बता दें कि रेवती की बायोपिक ‘हू इज़ रेवती रॉय’ किताब पर आधारित है, जो लेखिका स्वाति लोढ़ा मे लिखी है।
कौन हैं रेवती रॉय?
रेवती रॉय की कहानी काफी प्रेरणादायक है। रेवती ने पति के देहांत के बाद काफी नौकरी खोजी और नौकरी ना मिलने की वजह से उन्होंने खुद का व्यापार शुरू कर दिया। उन्होंने एक स्टार्टअप शुरू किया जो आज काफी अच्छी स्थिति में है। उनके इस स्टार्टअप का नाम है 'हे दीदी' है, जो लॉजिस्टक इंडस्ट्री में डील करता है। उन्होंने इसकी शुरुआत 20 लाख रुपये से की थी और इसकी कैपिटल काफी ज्यादा और उन्हें विदेशी फंडिंग भी है।
'हे दीदी' की सीईओ रेवती रॉय को ड्राइविंग से बहुत प्यार है और वो ड्राइविंग के क्षेत्र में महिलाओं को रोजगार दे रही हैं। रेवती आज 'हे दीदी' नाम के एक हायपर लोकल डिलीवरी स्टार्टअप की सीईओ हैं, जिसमें मालिक से लेकर कर्मचारी तक सभी महिलाएं हैं।