International Internet Day: क्या आप जानते हैं- इमोजी की दुनिया में कैसे राज करता है बॉलीवुड?
International Internet Day दौर बदल गया है। अब सितारों का पता सोशल मीडिया पर मिल जाता है। प्यार के लिए पोस्टर की जगह इमोजी ने ले ली है। साल दर साल ट्विटर ने स्पेशल इमोजी बनाकर बॉलीवुड को ख़ास बनाया है।
नई दिल्ली, जेएनएन। International Internet Day: एक दौर था, जब टीवी ने अपना पैर नहीं पसारा था। फ़िल्मी दुनिया के सितारे आम लोगों की पहुंच से बहुत दूर होते थे। सिनेमाघर के सामने शुक्रवार को भीड़ लगती थी। जैसा अनुराग कश्यप की फ़िल्म गैंग्स ऑफ़ वासेपुर के एक सीन में दिखाया गया है, लोग गाड़ियों पर गाना बजाकर फ़िल्म का प्रचार करते थे। उस दौर में लोग अखबारों में खोजकर देखते थे कि कौन-सा शो कहां और कब लगा है। इंटरनेट ने सब बदल दिया। सितारे अब सोशल मीडिया की ज़मीन पर आ गए। उनसे बात करना फैंस के लिए भी आसान हो गया। धीरे-धीरे फ़िल्में और कहानियां भी इंटरनेट पर आ गईं। ऐसे में फैंस के प्यार करने का तरीका भी बदल गया। पोस्टर की जगह अब इमोजी आ गईं। नारों की जगह #XYZ ने ले ली। लेकिन क्या आपको पता है, इमोजी की दुनिया में भी बॉलीवुड का राज है। ठीक है, कोई नहीं! इस इंटरनेशनल इंटरनेट डे के दिन हम आपको बताते हैं।
ट्विटर पर ट्रेंड वाली इमोजी
ट्विटर की दुनिया में लोग हमेशा ट्रेंड की बात करते हैं, लेकिन आज के दौर में जब लोगों के पास लिखने को शब्द कम हैं, तो भावनाएं इमोजी से व्यक्त होती हैं। ख़ास कर ट्विटर पर जहां शब्द संख्या भी सीमित है। ऐसे में ट्विटर ने साल दर साल भारतीय जनता को उनके प्यार से जोड़ने के लिए इमोजी का इस्तेमाल किया। इसमें से सबसे ज्यादा इमोजी खेल प्रेमियों के लिए जारी कई गईं, लेकिन बॉलीवुड के बिना कहानी अधूरी लगती है। ऐसे में करीब 11 फीसदी ऐसी इमोजी हैं, जो फ़िल्म और सितारों की दुनिया से जुड़ी हुई हैं।
कैसे हुई शुरुआत
बॉलीवुड इमोजी की शुरुआत ट्विटर पर साल 2016 में हुई। उस समय रणवीर सिंह और वाणी कपूर की फ़िल्म बेफिक्रे रिलीज़ हुई। पेरिस के बीच प्यार कहानी को बयां करती फ़िल्म के लिए ट्विटर ने स्पेशल इमोजी जारी की। जब भी #UdeDilBefikre, #Befikre, #BefikreOn9th, #BefikreOn9thDec और #BeBefikre का इस्तेमाल किया जाता था, तो एफिल टावर बनकर सामने आ जाता था।
Be #Befikre and tweet away! #BeBefikre pic.twitter.com/utyTX0A5oV— #Befikre (@befikrethefilm) November 11, 2016
90 का प्यार और सलमान का बिग बॉस
बॉलीवुड की बात की जाए, तो बिना 90 के दशक पूरी नहीं की जा सकती है। लॉकडाउन के दौरान एक बार फिर लोग उस दौर में पहुंच गए, जब टीवी पर 90 का दशक लौट आया। ट्विटर ने इसके लिए भी इमोजी बनाई। 90 के दशक के हीरो और आज के सुपर स्टार सलमान ख़ान की फ़िल्म ट्यूबलाइट के लिए भी इमोजी बनाई गई। वहीं, सलमान ने जब बिग बॉस का दसवां सीज़न होस्ट किया, तब ट्विटर पर आखों वाली इमोजी भी आ गई। किसी टीवी शो के लिए यह पहली बार था।
We are excited to launch the first-ever special emoji for @BiggBoss this season! Tweet with #BB10, #BiggBoss & #BiggBoss10 to get the emoji pic.twitter.com/dmBNhvuvpI— Twitter India (@TwitterIndia) October 16, 2016
इन फ़िल्मों की भी मिली स्पेशल इमोजी
साल 2016 से शुरू हुआ सफ़र अब भी जारी है। लगातार नई फ़िल्में और वेब सीरीज़ आती रहती हैं। ट्विटर पर उनको सेलिब्रेट करने के लिए इमोजी भी आती रहती है। इस फेहरिस्त में अक्षय कुमार स्टारर मिशन मंगल, प्रभास स्टारर साहो, भारत, वरुण धवन स्टारर जुड़वा 2, शाह रुख़ ख़ान स्टारर जीरो, जब हैरी मेट सेजल और गोल्ड जैसी फ़िल्में शामिल हैं। इसके अलावा फ़िल्मफेयर जैसे अवॉर्ड को शो के लिए भी ट्विटर ने इमोजी जारी की। इमोजी का नाता फैशन से तब जुड़ा, जब लैकमे फैशन वीक के लिए इमोजी जारी की गई। हाल ही में दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे की 25वीं सालगिरह पर भी ट्विटर ने एक इमोजी जारी की।
Lights, camera, action! Follow the best of Bollywood on Twitter this week with @IIFA. Tweet with #IIFA2018 to reveal the special emoji and join the conversation! pic.twitter.com/AP1YwePFLK— Twitter India (@TwitterIndia) June 21, 2018
साउथ की फ़िल्मों का रहा है जलवा
बॉलीवुड के अलावा पैन इंडिया फ़िल्म इंडस्ट्री को ट्विटर ने अपने तरीके से समय-समय पर ट्रिब्यूट किया है। साउथ के सुपरस्टार रजनीकांत की फ़िल्म दरबार के समय भी स्पेशल इमोजी जारी की गई थी। हालांकि, तमिल फ़िल्मों में सबसे पहले साल 2017 में सुपरस्टार विजय की फ़िल्म मर्सल के लिए इमोजी जारी की गई थी। इसके अलावा काला और एनजीएके जैसी फ़िल्मों के लिए भी स्पेशल इमोजी जारी की जा चुकी हैं।