Photos: बेटे रणबीर और बेटी रिद्धिमा के साथ डिनर के लिए निकले ऋषि कपूर, पैपेराज़ी को देख बोले...
Rishi Kapoor Dinner Photos दिवाली पर ऋषि कपूर का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वो पैपेराज़ी फोटोग्राफरों को समझाते हुए नज़र आ रहे थे कि आप लोग शोर मत मचाया करो।
नई दिल्ली, जेएनएन। हिंदी सिनेमा के वेटरन एक्टर ऋषि कपूर अमेरिका से लौटकर फैमिली टाइम एंजॉय कर रहे हैं। परिवार के साथ दिवाली धूमधाम से मनाने के बाद ऋषि परिवार के साथ डिनर के लिए निकले। काफ़ी अर्से बाद ऋषि को अपने पूरे परिवार के साथ हैंगआउट करते हुए देखा गया है, जिसकी ख़ुशी उनके चेहरे पर साफ़ झलक रही थी।
मुंबई के बांद्रा इलाक़े के एक मशहूर रेस्तरां से डिनर के बाद पैपेराज़ी ने कपूर फैमिली को स्पॉट किया। सभी को एक साथ देखकर धड़ाधड़ तस्वीरें ली गयीं। इस दौरान ऋषि बेटे रणबीर कपूर, बेटी रिद्धिमा कपूर साहनी, पोती समारा साहनी और पत्नी नीतू सिंह के साथ नज़र आये। अमेरिका से लौटने के बाद किसी रेस्तरां में सम्भवत: उनका यह पहला फैमिली डिनर था।
ऋषि कुछ वक़्त पहले ही अमेरिका से लौटे हैं। पिछले साल अगस्त में वो कैंसर का इलाज करवाने के लिए न्यूयॉर्क गये थे। हालांकि तब बीमारी का खुलासा नहीं किया गया था। ऋषि ने ट्विटर पर एक पोस्ट के ज़रिए अमेरिका जाने का खुलासा किया था। लगभग एक साल वो न्यूयॉर्क में रहे।
हालांकि इस दौरान ऋषि कपूर ने ख़ुद को दूर महसूस नहीं होने दिया। वो लगातार सोशल मीडिया के ज़रिए फैंस और फलोअर्स के संपर्क में बने हुए थे। कभी देश के हालात पर ट्वीट तो कभी तीज-त्योहारों की बधाई देना जारी रहा। इस बीच बॉलीवुड और दूसरे क्षेत्रों से जुड़े तमाम हाइप्रोफाइल लोग ऋषि कपूर से मिलने अमेरिका जाते रहे।
बॉलीवुड से शाह रुख़ ख़ान, प्रियंका चोपड़ा, अनुपम खेर समेत कई सेलेब्स ऋषि का हाल-चाल जानने पहुंचे। अम्बानी परिवार ने भी ऋषि से मुलाकात की। अमेरिका प्रवास के दौरान नीतू सिंह ऋषि कपूर के साथ रहीं। उन्होंने सभी मुलाकातों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कीं।
इस दौरान ऋषि कपूर पैपेराज़ी को शोर ना करने की हिदायत देते हुए भी नज़र आये। मानव मंगलानी ने वीडियो अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। इससे पहले दिवाली पर ऋषि कपूर का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वो पैपेराज़ी फोटोग्राफरों को समझाते हुए नज़र आ रहे थे कि आप लोग शोर मत मचाया करो।
अमेरिका जाने से पहले ऋषि कपूर की आख़िरी रिलीज़ मुल्क है, जो 2018 में आयी थी। वहीं, इसी साल रिलीज़ हुई झूठा कहीं का में भी ऋषि कपूर लीड स्टार कास्ट का हिस्सा थे। यह फ़िल्म उन्होंने अमेरिका जाने से पहले पूरी कर ली थी। (फोटो- पल्लव पालीवाल)