Priyanka Chopra Jonas को पीठ पर बिठाकर पति निक जोनस ने लगाये पुशअप, तस्वीर देखिए
प्रियंका के करियर की बात करें तो हाल ही में उन्होंने हॉलीवुड की मशहूर साई-फाई फ्रेंचाइजी मैट्रिक्स 4 ज्वाइन की है। वहीं द व्हाइट टाइगर में भी वो नज़र आने वाली हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। प्रियंका चोपड़ा जोनस और निक जोनस की शादीशुदा ज़िंदगी प्यार से गुज़र रही है। दोनों की अक्सर ऐसी तस्वीरें सामने आती हैं, जिन्हें देखकर फैंस भी मुस्कुराने लगते हैं। प्रियंका ने अब जो तस्वीर पोस्ट की है, उससे निजी ज़िंदगी में दोनों की बेहतरीन कैमिस्ट्री का अंदाज़ा हो जाता है।
दरअसल, प्रियंका ने इंस्टाग्राम पर एक फोटो पोस्ट की है, जिसमें वो पति निक जोनस की पीठ पर सवारी करती दिखायी दे रही हैं। प्रियंका ने इस तस्वीर के साथ लिखा- पुशअब मेरी पसंदीदा एक्सरसाइज़ है और निक जोनस को इसमें टैग किया है। इस तस्वीर पर दोनों के फैंस भी मज़ेदार कमेंट कर रहे हैं। एक ने लिखा है कि दोनों बहुत प्यारे कपल हैं। एक दूसरे फैन ने लिखा कि उन्होंने इससे अधिक क्यूट कपल नहीं देखा।
बता दें, प्रियंका ने अमेरिकन सिंगर और एक्टर निक जोनस से 2018 में मुंबई में ही अगस्त में इंगेजमेंट की थी, जबकि दिसम्बर में शादी कर ली। ख़ास बात यह है कि दोनों ने मई 2018 में डेट करना शुरू किया था और दो महीने बाद ही शादी कर ली। हालांकि जान-पहचान काफ़ी पहले से थी।
प्रियंका ने 19 जुलाई को एक पोस्ट की थी, जिसमें उन्होंने खुलासा किया था कि ठीक दो साल पहले निक ने उन्हें प्रपोज़ किया था। प्रियंका ने लिखा था- मेरी ज़िंदगी की सबसे बड़ी ख़ुशी के नाम। दो साल पहले इसी दिन तुमने मुझे शादी के लिए पूछा था। तब मैं नि:शब्द हो गयी थी, लेकिन तब से मैं हर पल हां बोलती रही हूं। बिल्कुल अप्रत्याशित ढंग से तुमने वीकेंड को कितना यादगार बना दिया था। मेरे बारे में सोचते रहने के लिए शुक्रिया। मैं दुनिया की सबसे भाग्यशाली लड़की हूं। तुम्हें प्यार करती हूं निक।
बता दें कि प्रियंका निक से उम्र में लगभग 11 साल बड़ी हैं। मगर, दोनों की कैमिस्ट्री से इस उम्र के अंतर का बिल्कुल पता नहीं चलता। प्रियंका के करियर की बात करें तो हाल ही में उन्होंने हॉलीवुड की मशहूर साई-फाई फ्रेंचाइजी मैट्रिक्स 4 ज्वाइन की है। वहीं, नेटफ्लिक्स के लिए बन रही द व्हाइट टाइगर में भी वो नज़र आने वाली हैं।