Kajol ने छोटी बहन तनीषा को दी जन्मदिन की बधाई, कहा- 'एक जैसे फिर भी अलग', 'बिग बॉस 7' से बटोरी थीं सुर्खियां
तनीषा ने कुछ बॉलीवुड फ़िल्मों में काम किया है मगर उन्हें मुख्य रूप से बिग बॉस सीज़न 7 के लिए जाना जाता है जिसकी तनीषा पहली रनर अप रही थीं। यह सीज़न गौहर ख़ान ने जीता था। काजोल अपनी छोटी बहन तनीषा के काफ़ी क़रीब हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। काजोल की छोटी बहन तनीषा मुखर्जी 3 मार्च को अपना जन्मदिन मना रही हैं। तनीषा ने उम्र का 43वां पड़ाव पार कर लिया है। तनीषा ने कुछ बॉलीवुड फ़िल्मों में काम किया है, मगर उन्हें मुख्य रूप से बिग बॉस सीज़न 7 के लिए जाना जाता है, जिसकी तनीषा पहली रनर अप रही थीं। यह सीज़न गौहर ख़ान ने जीता था। शो में तनीषा साथी कंटेस्टेंट अरमान कोहली के साथ रिलेशनशिप को लेकर भी काफ़ी चर्चित रही थीं। काजोल और अजय देवगन ने तनीषा को जन्मदिन की बधाई दी।
काजोल अपनी छोटी बहन तनीषा के काफ़ी क़रीब हैं, जिसका अंदाज़ा दोनों के सोशल मीडिया एकाउंट्स से हो जाता है। काजोल ने तनीषा को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनकी कुछ अनदेखी तस्वीरों का वीडियो पोस्ट किया।काजोल ने इस वीडियो के साथ लिखा- एक जैसे फिर भी अलग। हैप्पी बर्थडे माई डार्लिंग। तुम्हें ढेर सारे प्यार और सौभाग्य के साथ हेल्थ और वेल्थ के लिए शुभकामनाएं। वीडियो में काजोल और तनीषा के बचपन से लेकर अभी तक की तस्वीरें हैं।
Same to same phir bhi alag. Happy birthday my darling.. wish you one ton of love, luck with a side health and wealth! 😘😘😘😘@TanishaaMukerji pic.twitter.com/uOL5Mtb0W5— Kajol (@itsKajolD) March 3, 2021
वहीं, जीजा जी अजय देवगन ने तनीषा और काजोल के साथ एक हंसती-खिलखिलाती तस्वीर शेयर कर जन्मदिन की मुबारकबाद दी। अजय ने लिखा- प्यार तनीषा, जन्मदिन की बहुत शुभकामनाएं। उम्मीद और दुआ है कि तुम्हारा दिन बेहतरीन रहे। ढेर सारी शुभकामनाएं।
Happy Returns of the day dear @TanishaaMukerji. Hope & pray you have a blessed one. Lots of good wishes🎈🎈🎈🎈 pic.twitter.com/iwToajOsFr— Ajay Devgn (@ajaydevgn) March 3, 2021
दिग्गज बॉलीवुड अदाकारा तनुजा की छोटी बेटी तनीषा का फ़िल्मी करियर अपने परिवार की विरासत जैसा भव्य नहीं रहा। उन्होंने 2003 में हॉरर-थ्रिलर फ़िल्म शशशश.. से डेब्यू किया था। तनीषा आखिरी बार पर्दे पर 2016 की फ़िल्म अन्ना में नज़र आयी थीं। समाज सेवी अन्ना हजारे की बायोपिक में तनीषा ने एक जर्नलिस्ट का किरदार निभाया था।
छोटे पर्दे के सेलेब्रिटी रिएलिटी शो बिग बॉस 7 में भाग लेना तनीषा के लिए काफ़ी महत्वपूर्ण रहा। इस शो ने तनीषा को ख़ूब चर्चा दिलवायी। शो में वो एक मजबूत कंटेस्टेंट के रूप में उभरी थीं। अरमान कोहली के साथ उनकी रिलेशनशिप शो के बाहर भी जारी रही। हालांकि, यह लम्बी नहीं चली। इसके बाद बिग बॉस 9, 10 और 11 में भी तनीषा स्पेशल एपीयरेंस में नज़र आती रहीं।