Box Office: 2018 में भारी रहा है हॉलीवुड का पलड़ा, पहले हफ़्ते में 'स्त्री' से आगे रही The Nun
स्त्री को समीक्षकों और दर्शकों का भरपूर साथ मिला, जिसके चलते फ़िल्म को अच्छी शुरुआत मिली और द नन के रिलीज़ होने से पहले ही स्त्री मजबूत स्थिति में पहुंच चुकी थी।
मुंबई। साल 2018 में हॉलीवुड, बॉलीवुड पर भारी पड़ रहा है। इस साल कई ऐसी हॉलीवुड फ़िल्में आयी हैं, जिन्होंने बॉलीवुड फ़िल्मों को कड़ी और बराबर की टक्कर दी है। 'स्त्री' और The Nun के बीच बॉक्स ऑफ़िस पर ऐसा ही टकराव देखने को मिल रहा है। पहले हफ़्ते में 'द नन' ने धमाकेदार में प्रदर्शन किया है।
'स्त्री' को समीक्षकों और दर्शकों का भरपूर साथ मिला, जिसके चलते फ़िल्म को अच्छी शुरुआत मिली और 'द नन' के रिलीज़ होने से पहले ही 'स्त्री' मजबूत स्थिति में पहुंच चुकी थी, मगर जैसे ही 'द नन' सिनेमाघरों में आयी, दर्शक बंट गये। इसके साथ रिलीज़ हुईं 'पलटन', 'लैला मजनूं' और 'गली गुलियां' पर सबसे बुरा असर हुआ, जिनकी सम्मानजनक शुरुआत भी नहीं हो सकी। स्त्री की धमक के बावजूद द नन ने बॉक्स ऑफ़िस पर बेहतरीन प्रदर्शन किया है और पहले हफ़्ते में ही 39.70 करोड़ जमा कर लिये हैं, जिसमें तीस लाख रुपए पेड प्रीव्यूज़ के शामिल हैं। वहीं स्त्री को 35.14 करोड़ का कलेक्शन मिला।
फ़र्ज़ कीजिए, अगर 'द नन' ना रिलीज़ हुई होती तो 'स्त्री' के नंबर्स में इजाफ़ा हो सकता था और शायद 'पलटन' और 'गली गुलियां' के कलेक्शंस भी कुछ बेहतर होते। बहरहाल, 'स्त्री' और 'द नन' से पहले अधिकतकर मामलों में हॉलीवुड ने बॉलीवुड के सामने चुनौती पेश की है। 27 जुलाई को टॉम क्रूज़ मिशन इम्पॉसिबिल सीरीज़ का छठा भाग फॉलआउट लेकर आये, जिसे 77 करोड़ का कलेक्शन करके हिट का दर्ज़ा पाया। मगर इसके साथ आयी संजय दत्त की 'साहेब बीवी और गैंगस्टर्स 3', 7.50 करोड़ का कलेक्शन करके फ्लॉप रही। मिशन इम्पॉसिबिल फॉलआउट के लिए दर्शकों में क्रेज़ के चलते 27 जुलाई को ज़्यादा फ़िल्में रिलीज़ नहीं हुई थीं।
'रेस 3' ईद के मौक़े पर 15 जून को रिलीज़ हुई थी। ईद पर सलमान ख़ान की फ़िल्मों की कामयाबी के इतिहास को देखते हुए 22 जून को कोई बड़ी हिंदी फ़िल्म रिलीज़ नहीं हुई। हॉलीवुड एनीमेशन फ़िल्म द इनक्रेडिबल्स 2 ही सिनेमाघरों में उतरी, जिसने ओपनिंग वीकेंड में 17.85 करोड़ रुपए नेट जमा किये थे। यक़ीन करना मुश्किल है, पर ऐसा हुआ है। पहले वीकेंड में 'इनक्रेडिबल्स 2', सलमान की 'रेस 3' पर भारी पड़ी थी, जिसने दूसरे वीकेंड में सिर्फ़ 15.30 करोड़ रुपए जमा किये। इससे पहले 7 जून को रिलीज़ हुई हॉलीवुड फ़िल्म 'जुरासिक वर्ल्ड फॉलन किंगडम' ने देश में 117 करोड़ का बिज़नेस कर लिया है। ख़ास बात यह है कि इस फ़िल्म की भारत में तगड़ी फ़ैन फॉलोइंग के चलते कोई बॉलीवुड फ़िल्म इसके साथ नहीं आयी।
16 फरवरी को अय्यारी के साथ ब्लैक पैंथर रिलीज़ हुई थी। अय्यारी 17 करोड़ ही जमा कर सकी और फ्लॉप रही, जबकि ब्लैक पैंथर 38.10 करोड़ का कलेक्शन किया था और फ़ायदे में रही थी। अगर इस साल रिलीज़ हुई हॉलीवुड फ़िल्मों की बात करें तो सबसे कामयाब फ़िल्म 'एवेंजर्स इनफिनिटी वॉर' है। 27 अप्रैल को रिलीज़ हुई इस फ़िल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफ़िस पर 222 करोड़ से ज़्यादा कलेक्शन किया, जो किसी भी हॉलीवुड फ़िल्म के लिए एक रिकॉर्ड है। 18 मई को रिलीज़ हुई 'डेडपूल2' ने 54 करोड़ रुपए बटोरे थे, इसके साथ कोई बॉलीवुड फ़िल्म नहीं आयी थी।
अगर देश में टॉप 10 हॉलीवुड फ़िल्मों की बात करें तो लिस्ट इस प्रकार है-
10. द अमेज़िंग स्पायडरमैन- 96 करोड़
9. स्पायडरमैन 3- 100 करोड़
8. 2012- 102 करोड़
7. एवेंजर्स- एज ऑफ़ अल्ट्रॉन- 111 करोड़
6. जुरासिक वर्ल्ड- फॉलन किंगडम- 117 करोड़
5. जुरासिक वर्ल्ड- 152 करोड़
4. अवतार- 145 करोड़
3. फ्यूरियस 7- 172 करोड़
2. जंगल बुक- 188 करोड़
1. एवेंजर्स- इनफिनिटी वॉर- 222.69 करोड़