Videos : होली के ये प्यार भरे गाने मस्ती में झूमने को कर देंगे मजबूर
होली पर रंगों और गुलाल के साथ मस्ती में झूमने-थिरकने का अलग ही मजा है। ऐसे में माहौल थोड़ा फिल्मी भी हो जाता है। तो आपके लिए पेश हैं मस्ती से सराबोर करने वाले ये हिट फिल्मी गाने, जो इस होली को और भी कलरफुल बना देंगे।
नई दिल्ली। होली पर रंगों और गुलाल के साथ मस्ती में झूमने-थिरकने का अलग ही मजा है। ऐसे में माहौल थोड़ा फिल्मी भी हो जाता है। कोई अमिताभ बच्चन स्टाइल में 'रंग बरसे भीगे चुनरवाली रंग बरसे' पर थिरकने लगता है तो कोई हेमा मालिनी की तरह 'होली के दिन दिल खिल जाते हैं' पर झूमने लगता है। वाकई रंगों के इस त्योहार के बहाने रिश्तों में एक अलग ही प्यार भरी मिठास घुल जाती है। तो देर किस बात की है, आपके लिए पेश हैं मस्ती से सराबोर करने वाले ये हिट फिल्मी गाने, जो इस होली को और भी कलरफुल बना देंगे।
प्रस्तुति- प्रतिभा गुप्ता
शुरुआत अमिताभ बच्चन से करते हैं, होली आते ही 'सिलसिला' का 'रंग बरसे भीगे चुनरवाली रंग बरसे' और 'बांगबा' से 'होली खेले रघुवीरा अवध में होली खेले रघुवीरा' जैसे गाने लोगों की जुबां पर चढ़ जाते हैं। आप भी इन गानों पर रंगों और गुलाल के साथ मस्ती में खो जाएंगे।
'शोले' के 'होली के दिन दिल खिल जाते हैं' को कैसे भुलाया जा सकता है। हेमा मालिनी के साथ धर्मेंद्र, अमिताभ बच्चन व अन्य पर फिल्माया गया यह मनमोहक गाना वाकई में इस त्योहार के असल मायने बयां करता है।
'कटी पतंग' से राजेश खन्ना और आशा पारेख पर फिल्माया गया 'आज ना छोड़ेंगे बस हमजोली, खेलेंगे हम होली' गाना सदाबहार और दो लोगों को प्यार के रंगों में सराबोर करने वाला है।
'डर' से 'अंग से अंग लगाना सजन हमें ऐसे रंग लगाना' भी खूब पॉपुलर है। खास तौर से प्रेमी जोड़ों को तो खूब भाने वाला है। तो आप भी अपने प्यार के साथ इस गाने पर थिरकते हुए इस बार की होली को उनके लिए यादगार बना दीजिए।
होली पर फिल्माया गया 'मोहब्बते' का 'सोनी सोनी अंखियों वाली' गाना भी इस मौके पर खूब जंचता है। इस मौके पर प्यार के इजहार के लिए भी यह गाना बिल्कुल परफेक्ट है। शाहरुख-ऐश्वर्या के साथ इस फिल्म में नजर आईं तीन जोड़ियां दर्शकों को खूब पसंद आई थीं।
अक्षय कुमार और प्रियंका चोपड़ा पर फिल्माया गया 'वक्त' का 'डू मी ए फेवर लेट्स प्ले होली' का भी इस मौके पर लुत्फ उठाइए और रंगों में रंग जाइए।
आजकल के यंगस्टर्स के बीच तो 'ये जवानी है दीवानी' का 'बलम पिचकारी' गाना जरूर बजने वाला है। रणबीर कपूर-दीपिका पादुकोण पर फिल्माया गया यह गाना खूब पॉपुलर हो चुका है।
वहीं बुजुर्गों के लिए 'मदर इंडिया' से 'होली आई रे कन्हाई रंग छलके सुना दे जरा बांसुरी' गाना पेश है। वैसे लता मंगेशकर और शमशाद बेगम की आवाज में यह गाना हर उम्र के लोगों को काफी मनमोहक लगेगा।
इसके अलावा 'नवरंग' का 'जा रे हट नटखट' गाना भी झूमने पर मजबूर कर देना वाला है। तो रंगों के इस त्योहार के साथ रिश्तों में प्यार की मिठास घोलिए और अपनों के साथ मस्ती में खो जाइए।