ब्रिटिश रॉयल फ़ैमिली से प्रियंका चोपड़ा को मिल सकता है यह बड़ा सम्मान
ब्रिटेन के राजघराने की यह परम्परा है कि नवजात के धार्मिक संस्कार से पहले माता-पिता के कुछ क़रीबियों को गॉड पैरेंट्स के रूप में चुना जाता है।
मुंबई। ब्रिटिश राजघराना इन दिनों एक नन्हे मेहमान के स्वागत की तैयारियों में जुटा है। प्रिंस हैरी की पत्नी मेगन मर्कले अप्रैल में बच्चे को जन्म देने वाली हैं, जिसको लेकर ब्रिटिश राज परिवार में काफ़ी उत्साह है। मगर, अब एक ऐसी ख़बर आ रही है, जो प्रियंका चोपड़ा के फ़ैंस को उत्साहित कर सकती है।
पश्चिम मीडिया में यह चर्चा काफ़ी ज़ोरों पर है कि मेगन की क़रीबी दोस्त प्रियंका उनके आने वाले बच्चे की गॉडमदर बन सकती हैं। ब्रिटेन के राजघराने की यह परम्परा है कि नवजात के धार्मिक संस्कार से पहले माता-पिता के कुछ क़रीबियों को गॉड पैरेंट्स के रूप में चुना जाता है। इनमें रिश्तेदार या दोस्त भी हो सकते हैं। चूंकि प्रियंका मेगन की क़रीबी दोस्तों में शामिल हैं, लिहाज़ा गॉडमदर के तौर पर उनके नाम की भी चर्चा चल रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इस बारे में राजघराने की कमेंटेटर एंड्रिया बोएल्के ने जानकारी दी थी गॉडमदर के लिए पहली पसंद मेगन की दोस्त और स्टाइलिस्ट जेसिका मलरोनी हैं। हालांकि बाद में एक वेबसाइट से बातचीत करते हुए एंड्रिया ने प्रियंका चोपड़ा का नाम लेते हुए कहा था कि मेगन अपने पहले बच्चे की गॉडमदर के रूप में उन्हें चुन सकती हैं।
मेगन से प्रियंका की दोस्ती काफ़ी मशहूर है। प्रियंका चोपड़ा 19 मई को ब्रिटेन में हुई शाही शादी की मेहमान बनीं। शादी के बाद प्रियंका ने नव विवाहित जोड़े की एक तस्वीर पोस्ट करके अपनी दोस्त मेगन के लिए एक प्यारा से संदेश लिखा था। इस संदेश में प्रियंका कहती हैं- ''जीवन में कभी-कभी वो पल आता है कि वक़्त ठहर जाता है। यह आज हुआ है। मेरी दोस्त, तुम बहुत शालीनता, प्यार और ख़ूबसूरती के मूरत लग रही हो। इस शादी में आप दोनों ने जो भी किया, वो इतिहास में संजोया जाएगा, इसलिए नहीं कि ये आपकी शादी है, बल्कि इसलिए कि ये शानदार शादी बदलाव और उम्मीद को संबंल दे रही है। इन दोनों ही चीज़ों की दुनिया को बहुत ज़रूरत है।''
अंत में प्रिंयका ने मुबारकबाद देते हुए लिखा था कि आप दोनों को साथ देखकर मैं बहुत ख़ुश हूं और मेरी आंखें गीली हो गयी हैं। प्रियंका और मेगन की दोस्ती लगभग चार साल पुरानी है। प्रियंका के इंस्टाग्राम एकाउंट से भी ज़ाहिर होता है कि मेगन के साथ उनकी दोस्ती ख़ास है। Meghan Markle अमेरिकन एक्ट्रेस और ह्यूमेनिटेरियन हैं। प्रिंस हैरी के साथ वो 2016 से रिलेशनशिप में हैं। 2017 दोनों की सगाई हुई थी। मेगन प्रिंस हैरी से तीन साल बड़ी हैं। वो 36 साल की हैं और उनका जन्म लॉस एंजेलिस में अगस्त 1981 में हुआ था। प्रिंस हैरी के साथ मेगन की दूसरी शादी होगी। इससे पहले मेगन एक्टर और प्रोड्यूसर Trevor Engelson के साथ 2004 से 2011 तक रिलेशनशिप में रही थीं।