हार्दिक मामले में अब करण की चुप्पी पर सवाल, ये हैं Koffee With Karan के 5 बड़े बवाल!
यह पहली बार नहीं है, जबकि करण के शो में विवाद हुए हों। हालांकि इन विवादों से हार्दिक और राहुल जैसा नुक़सान किसी का नहीं हुआ है।
मुंबई। करण जौहर का सेलेब्रिटी चैट शो ‘कॉफी विद करण’ इन दिनों सुर्ख़ियों में है। सितारों की निजी ज़िंदगी को लेकर होने वाले दिलचस्प खुलासे कॉफी विद करण को ख़बरों में रखते हैं, मगर इस बार शो से जो विवाद हुआ, उसकी आंच क्रिकेटर्स हार्दिक पांड्या और केएल राहुल के करियर तक पहुंच गयी है।
करण के शो में अपने यौन जीवन को लेकर डींगें हांकना हार्दिक पर भारी पड़ा। उनके कमेंट्स पर देशभर में जमकर हंगामा हुआ तो बीसीसीआई ने हार्दिक और राहुल पर बैन लगा दिया। हार्दिक के साथ राहुल भी पिसे। दोनों खिलाड़ियों को ऑस्ट्रेलिया में चल रही सीरीज़ से लौटना पड़ा। ब्रैंड्स एंडोर्समेंट्स से हाथ धोना पड़ा है। अब उनका आईपीएल कॉन्ट्रेक्ट भी ख़तरे में है। हालांकि हार्दिक ने बिना शर्त माफ़ी मांग ली है। फिर भी उन्हें राहत मिलने के आसार हाल-फिलहाल नहीं दिख रहे हैं। करण के शो में विवाद और विवादित बयान पहले भी होते रहे हैं, मगर किसी का इतना नुक़सान कभी नहीं हुआ, जितना हार्दिक पटेल को हुआ है। शायद यही वजह है कि अब इस पूरे मामले को लेकर करण जौहर की चुप्पी पर सवाल उठने लगे हैं।
चर्चा होने लगी है कि करण इस मामले में कुछ बोल क्यों नहीं रहे हैं? उनके शो में सेलेब्रिटीज़ उनके ही प्रोत्साहन पर सवालों के जवाब देते हैं। हार्दिक ने भी अपने ट्वीट में यही कहा था कि वो शो की रवानगी में बह गये थे और फिर बहक गये, जिससे ऐसा जवाब दिया। उनका आशय किसी का अपमान करना या भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था।
pic.twitter.com/O0UlpFm43o— hardik pandya (@hardikpandya7) January 9, 2019
सवाल यह भी उठे रहे हैं कि शो में करण के सवाल क्या सेलेब्रिटीज़ को उकसाते हैं और कुछ उनके इस जाल में फंसकर विवादित बयान दे बैठते हैं। यह पहली बार नहीं है, जब करण के शो से कोई विवाद हुआ है या सेलेब्रिटी उसकी चपेट में आये हैं। आइए, जानते हैं ऐसे सेलेब्रिटीज़, जो करण के शो की वजह से सोशल मीडिया और मीडिया में छाये रहे थे।
आलिया भट्ट- कॉफी विद करण के चौथे सीज़न में करण ने अपने स्टूडेंट्स को कॉफी पीने बुलाया। आलिया भट्ट, वरुण धवन और सिद्धार्थ मल्होत्रा शो के मेहमान बने। शो के कॉफी क्विज़ सेक्शन में करण ने तीनों से भारत के राष्ट्रपति का नाम पूछा तो आलिया ने तेज़ी दिखाते हुए बज़र दबा दिया और तपाक से बोलीं- पृथ्वीराज चौहान। दरअसल, उस वक़्त पृथ्वीराज चव्हाण महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री थे। बस फिर क्या था, इस एक ग़लत जवाब ने आलिया को देशभर में हंसी का पात्र बना दिया। सोशल मीडिया में उनकी जमकर खिंचाई हुई। मीम बनाये गये। कई महीनों तक आलिया के आईक्यू को लेकर जोक्स बनते रहे। अभी भी गाहे-बगाहे आलिया की इस गूफ़ अप का ज़िक्र छिड़ जाता है।
कंगना रनौत- कंगना सीज़न 5 में सैफ़ अली ख़ान के साथ कॉफी विद करण में गयीं। विशाल भारद्वाज की फ़िल्म रंगून के प्रमोशन के लिए दोनों सेलेब्रिटी शो में गये थे। रंगून तो चली नहीं, मगर इस शो में नेपोटिज़्म पर कंगना ने जो बेबाक बोल कहे, उसने फ़िल्म इंडस्ट्री में भाई-भतीजावाद पर नये सिरे से बहस छेड़ दी। कंगना ने शो में करण को नेपोटिज़्म का फ्लैग बेयरर यानि झंडाबरदार बताया था। यह बहस ऐसी चली कि कई महीनों तक इस पर चर्चा होती रही। पक्ष और विपक्ष में तमाम एक्टर्स के बयान आये। सैफ़ और अमृता की बेटी सारा अली ख़ान से भी फ़िल्म डेब्यू इंटरव्यूज़ के दौरान नेपोटिज़्म पर जमकर सवाल किये गये।
प्रियंका चोपड़ा- आम तौर पर करीना और प्रियंका के बीच खट्टी-मीठी रिलेशनशिप रही है। सीज़न 3 में करीना ने प्रियंका के इंग्लिश एक्सेंट का मज़ाक उड़ाया था। करण ने करीना से कहा था कि वो प्रियंका से क्या कहना चाहेंगी। इस पर करीना ने कहा था कि वो एक्सेंट में क्यों बात करती हैं। इसी शो में बाद में प्रियंका ने करीना को जवाब दिया था- मुझे एक्सेंट वहीं से मिला, जहां से उनके बॉयफ्रेंड (सैफ़ अली ख़ान) को मिला है। इन दोनों की कैट फाइट का यह वाकया ख़ूब सुर्ख़ियों में रहा। संयोग देखिए, अब प्रियंका, अमेरिकन निक जोनस की पत्नी बन चुकी हैं और इसी एक्सेंट के दम पर हॉलीवुड में काम कर रही हैं।
दीपिका पादुकोण- कॉफी विद करण के सीज़न 3 में दीपिका पादुकोण का कंडोम कमेंट ख़ूब चर्चिक रहा। इस एपिसोड में दीपिका, सोनम कपूर के साथ शो में शामिल हुईं। दीपिका का तब तक रणबीर से ब्रेकअप हो चुका था। सोनम ने रणबीर के साथ सांवरिया से डेब्यू किया था और शुरुआत में रणबीर के साथ उनकी रिलेशनशिप की भी चर्चा रही। यानि करण के शो में इस बार रणबीर की दोनों एक्स गर्लफ्रेंड शामिल हुई थीं। इस बात को बख़ूबी जानते हुए करण ने दीपिका और सोनम से जब पूछा कि रणबीर को कौन से प्रोडक्ट को एंडोर्स करना चाहिए तो दापिका ने तपाक से जवाब दिया- कंडोम ब्रैंड। दीपिका के इस कमेंट ने रणबीर के पापा ऋषि कपूर को भी नाराज़ कर दिया था।