Happy Birthday Sridevi: जन्मदिन की बधाई देने वालों को 'श्रीदेवी' ने ट्विटर पर कहा शुक्रिया...
Happy Birthday Sridevi श्रीदेवी की मृत्यु 24 फरवरी 2018 को दुबई में हुई थी। श्रीदेवी अपने भतीजे मोहित मारवाह की शादी के फंक्शन में शामिल होने वहां गई थीं।
नई दिल्ली, जेएनएन। श्रीदेवी (Sridevi) का आज (13 अगस्त) को 56वां जन्म दिन है। मृत्यु के बाद श्रीदेवी का यह दूसरा बर्थडे है। सोशल मीडिया में बॉलीवुड दीवा को याद करने का सिलसिला जारी है। फ़िल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोग, साथी कलाकार, परिवार वाले और उनके चाहने वाले श्रीदेवी की याद में ट्वीट करके उन्हें जन्मदिन की बधाई दे रहे हैं। इन्हीं ट्वीट्स के बीच एक ट्वीट ऐसा आया, जिसने सबका ध्यान आकर्षित किया। श्रीदेवी के ट्विटर हैंडल से उन्हें जन्मदिन की बधाई देने वालों का शुक्रिया अदा किया गया। श्रीदेवी की मृत्यु के लगभग डेढ़ साल बाद भी उनका यह एकाउंट जारी है।
यह श्रीदेवी का वेरीफाइड एकाउंट है, जिसका ट्विटर हैंडल श्रीदेवी बी कपूर नाम से है, जबकि एकाउंट का नाम श्रीदेवी बोनी कपूर है। इस एकाउंट से श्रीदेवी के चाहने वालों को शुक्रिया कहते हुए लिखा गया- इतने प्यार और मोहब्बत के साथ आज उन्हें याद करने के लिए आप सभी का शुक्रिया। इसके साथ श्रीदेवी की एक तस्वीर भी लगायी गयी है।
Thank you all for your love in remembering her today with so much love and affection. #Sridevi pic.twitter.com/rBz3usnw7S — SRIDEVI BONEY KAPOOR (@SrideviBKapoor) August 13, 2019
श्रीदेवी के पति बोनी कपूर ने अपने एकाउंट से इस ट्वीट को रीट्वीट किया है। श्रीदेवी के ट्विटर एकाउंट से इससे पहले 2 जून 2018 को पति बोनी कपूर की ओर से ट्वीट किया गया था, जब उनकी शादी की 22वीं सालगिरह थी।
Today would have been our 22nd wedding anniversary. Jaan... My wife, my soulmate, the epitome of love, grace , warmth and laughter lives within me forever... pic.twitter.com/0XWhFIvOvz — SRIDEVI BONEY KAPOOR (@SrideviBKapoor) June 2, 2018
बता दें कि श्रीदेवी की मृत्यु 24 फरवरी 2018 को दुबई में हुई थी। श्रीदेवी अपने भतीजे मोहित मारवाह की शादी के फंक्शन में शामिल होने वहां गई थीं। उनके साथ पति बोनी कपूर, बेटी जाह्नवी और ख़ुशी भी थीं। पोस्टमार्टम में मौत की वजह ड्राउनिंग यानि डूबना बतायी गयी थी। पुलिस कार्रवाई की वजह से श्रीदेवी का अंतिम संस्कार मुंबई में 28 फरवरी को हो सका था।
क्या है ट्विटर का नियम:
ट्विटर हेल्प के मुताबिक़, जब किसी ट्विटर यूज़र की मृत्यु हो जाती है तो ट्विटर अधिकृत व्यक्ति या संस्था या वेरीफाइड फैमिली मेंबर की संस्तुति पर उस एकाउंट को निष्क्रिय करता है। एकाउंट डिएक्टिवेट करने के आवेदन के बाद ट्विटर इस प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी ईमेल के ज़रिए मांगता है, जिसमें मृत व्यक्ति के बारे में जानकारी, पहचान पत्र की कॉपी और मृत यूज़र के डेथ सर्टिफिकेट की ज़रूरत होती है। सारी सूचना की पुष्टि करने के बाद ट्विटर मृत यूज़र के एकाउंट को डिएक्टिवेट कर देता है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप